सरकारी टीचर बताकर की शादी, दूसरे मर्दों से संबंध बनाने का दबाव, महिला ने पुलिस को बताई ससुरालियों की हकीकत
पति पर सुहागरात की फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप, सास और जेठ पर भी गंभीर आरोप लगाए, मायके आने के बाद भी पीछा नहीं छोड़ा, गोरखपुर कोतवाली में केस दर्ज

गोरखपुर, 15 अक्टूबर 2026:
यूपी के गोरखपुर में एक महिला ने अपने पति पर शादी के नाम पर धोखा देने, देह व्यापार के लिए दबाव बनाने और निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पति ने मैट्रीमोनियल साइट पर खुद को सरकारी टीचर बताकर उससे शादी की थी।
कोतवाली पुलिस ने पति, सास और जेठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मैट्रीमोनियल साइट पर सरकारी नौकरी का झूठा दावा
कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली महिला के मुताबिक, उसकी शादी जुलाई में राजस्थान के अलवर जिले के किशनगढ़ खैरथल क्षेत्र के मछरोली निवासी राजू शर्मा उर्फ राजीव से हुई थी। पति ने शादी से पहले खुद को सरकारी टीचर बताया था। मैट्रीमोनियल साइट पर नौकरी और सामाजिक हैसियत को लेकर गलत जानकारी दी गई थी। ससुराल में कुछ समय बाद उसे पता चला कि पति सरकारी नौकरी नहीं करता है। पीड़िता का कहना है कि झूठ खुलने के बावजूद उसने रिश्ता निभाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही दिनों बाद पति राजू शर्मा, सास तारा देवी और जेठ निहाल शर्मा दहेज के लिए ताने देने लगे।
पैसे कमाने के लिए दूसरे मर्दों के पास जाने का दबाव
पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति उस पर दूसरे पुरुषों के साथ संबंध बनाने का दबाव डालता था। वह पैसे की व्यवस्था करने के नाम पर ऐसा करने को कहता था। महिला के विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। पति शराब और नशीले पदार्थों का सेवन करने के बाद जबरन अप्राकृतिक संबंध बनाता था। गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी भी देता था। महिला ने अपने जेठ पर अश्लील टिप्पणी करने और गलत हरकतें करने का आरोप लगाया है।
पुलिस से शिकायत के बाद गोरखपुर लौटी महिला
महिला के मुताबिक, उसने राजस्थान में भी शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 18 अगस्त 2023 को वह अपने पिता की मदद से गोरखपुर लौट आई। इसके बाद भी पति और जेठ अलग-अलग तारीखों पर गोरखपुर आकर उसे परेशान करते रहे। वह जहां नौकरी करने जाती थी, वहां नोटिस भेजकर नौकरी से हटवाने की धमकी भी दी जाती थी।
Instagram पर वायरल किए फोटो-वीडियो
इसके बाद पति व जेठ उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पति को अपने साथ ले गई। बीते 22 सितंबर को पति ने Instagram आईडी से उसके परिवार की फोटो और वीडियो वायरल कर दिए। इसके बाद रिश्तेदारों के माध्यम से धमकी दी गई कि अगर वह पति की बात नहीं मानेगी तो सुहागरात की निजी फोटो और वीडियो भी सार्वजनिक कर दिए जाएंगे। कोतवाली थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह के मुताबिक, महिला की तहरीर पर पति, सास और जेठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






