Gorakhpur

मार नहीं, प्यार से गढ़िए भविष्य… शिक्षामित्रों को CM योगी का मंत्र, स्कूल चलो अभियान तेज करने का आह्वान

यूपी में स्कूली बच्चों को प्रेरित करने के लिए कहानियां, उदाहरण और संवाद पर जोर, अभिभावकों को जागरूक करने की जिम्मेदारी भी सौंपी

लखनऊ/गोरखपुर, 6 मई 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ शिक्षामित्र सम्मान समारोह में एक मार्गदर्शक के रूप में नजर आए। उन्होंने शिक्षामित्रों को बच्चों के साथ संवेदनशील और प्रेरणादायक व्यवहार अपनाने का मंत्र देते हुए स्पष्ट कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं बल्कि एक बेहतर समाज निर्माण की नींव है।

सीएम ने कहा कि हर बच्चे के मन में पढ़ने की इच्छा पैदा करना अभिभावक, शिक्षक और समाज तीनों की साझा जिम्मेदारी है। शिक्षामित्रों से उन्होंने अपील की कि वे सिर्फ पढ़ाने तक सीमित न रहें बल्कि घर-घर जाकर बच्चों को स्कूल लाने का अभियान भी चलाएं। उन्होंने सख्त संदेश देते हुए कहा कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की मारपीट से बचना चाहिए। इससे बच्चे जिद्दी बनते हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चों को प्यार, कहानियों, कविताओं और प्रेरक उदाहरणों के जरिए सीखने के लिए प्रेरित करें। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को सलाह दी कि वे अपने व्यक्तिगत तनाव को स्कूल तक न लाएं। बच्चों के सामने हमेशा सकारात्मक माहौल बनाए रखें। उन्होंने कहा कि आज जो बच्चे पढ़ रहे हैं, वही कल देश के डॉक्टर, शिक्षक, अधिकारी और नेता बनेंगे। उन्होंने कहा कि जैसा पौधा रोपेंगे, वैसा ही फल मिलेगा।

अपने अनुभव साझा करते हुए सीएम ने एक रोचक प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि एक आंगनबाड़ी केंद्र में छोटे बच्चों को गिनती सिखाने का अनोखा तरीका देखा। उन्होंने बताया कि एक-एक-एक मेरी नाक एक… दो-दो-दो मेरी आंखें दो। बच्चों ने भी इसे उत्साह से दोहराया, जिससे सीखने का सहज और प्रभावी तरीका सामने आया।

उन्होंने अभिभावकों की जिम्मेदारी पर भी जोर दिया। कहा कि बच्चे साफ-सुथरे कपड़ों में, तैयार होकर स्कूल आएं। हल्के-फुल्के अंदाज में उन्होंने कहा कि रवि किशन की नकल करने की जरूरत नहीं, बच्चों के बाल छोटे और सलीके से हों।

सीएम ने बताया कि पहले जहां 60-70% बच्चे नंगे पैर स्कूल आते थे अब सरकार उन्हें यूनिफॉर्म, जूते-मोजे और स्वेटर उपलब्ध करा रही है। ऐसे में अभिभावकों को भी अपनी भूमिका निभानी होगी। जुलाई में स्कूल खुलने से पहले उन्होंने ‘स्कूल चलो’ अभियान को फिर से तेज करने का आह्वान किया।

सीएम ने शिक्षकों से कहा गया कि वे रोजाना आधा घंटा पहले स्कूल पहुंचें और 25-25 घरों में जाकर बच्चों को स्कूल लाने के लिए प्रेरित करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि स्कूल समय में कोई बच्चा इधर-उधर न भटके। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही सशक्त राष्ट्र की नींव है। इसी से विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button