Sports

वानखेड़े में पंजाब का दबदबा… मुंबई को 7 विकेट से हराया, श्रेयस-प्रभसिमरन ने पलटा मैच

अर्शदीप की घातक गेंदबाजी के बाद 139 रन की साझेदारी, 16.3 ओवर में हासिल किया लक्ष्य डिकॉक का शतक बेअसर, मुंबई की लगातार चौथी हार, पंजाब टॉप पर पहुंची

स्पोर्ट्स डेस्क, 17 अप्रैल 2026:

वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईपीएल मुकाबले में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हरा दिया। टॉस जीतकर पंजाब ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। मुंबई ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 195 रन बनाए, लेकिन पंजाब ने 16.3 ओवर में 3 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत ठीक नहीं रही। 27 रन पर पहला विकेट गिरा और कुछ ही देर में दूसरा झटका भी लग गया। इसके बाद श्रेयस अय्यर और प्रभसिमरन सिंह ने पारी संभाली। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 139 रन की साझेदारी हुई, जिसने मैच पूरी तरह बदल दिया।

प्रभसिमरन 39 गेंदों में 80 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि श्रेयस ने 35 गेंदों पर 66 रन बनाए। दोनों ने तेजी से रन जोड़े और मुंबई को वापसी का मौका नहीं दिया। यह साझेदारी पंजाब के लिए आईपीएल में चौथी सबसे बड़ी साझेदारियों में शामिल हो गई। मुंबई के लिए अल्लाह गजनफर ने दो विकेट लिए, जबकि शार्दुल ठाकुर को एक सफलता मिली, लेकिन बाकी गेंदबाज असर नहीं छोड़ सके।

WhatsApp Image 2026-04-17 at 8.00.03 AM

इससे पहले मुंबई की शुरुआत खराब रही। रेयान रिकेल्टन 2 रन बनाकर आउट हुए और अगली ही गेंद पर सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद क्विंटन डिकॉक और नमन धीर ने पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 122 रन जोड़े।

डिकॉक ने 60 गेंदों में नाबाद 112 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। नमन धीर ने 31 गेंदों में 50 रन की पारी खेली। हालांकि इसके बाद मुंबई की पारी रफ्तार नहीं पकड़ सकी और टीम 195 तक ही पहुंच पाई।

गेंदबाजी में पंजाब के लिए अर्शदीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट लिए। मार्को यानसेन और शशांक सिंह को एक-एक विकेट मिला। इस जीत के साथ पंजाब के 5 मैच में 9 अंक हो गए हैं और टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है। वहीं मुंबई को लगातार चौथी हार झेलनी पड़ी और टीम निचले पायदान पर बनी हुई है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button