Uttarakhand

नीट पेपर लीक पर कांग्रेस का हमला, कहा… सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो जांच

नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार व राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी पर बोला हमला, लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लगाया, एनटीए को तत्काल भंग करने की मांग

राजकिशोर तिवारी

देहरादून 14 मई 2026:

नीट पेपर लीक मामला इस समय काफी गरमाया हुआ है। गुरुवार को नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने केंद्र सरकार व राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी पर हमला बोला। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि देश की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाएं अब योग्यता नहीं, पैसे और पहुंच के आधार पर संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा दिया गया है।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि नीट अब परीक्षा नहीं, बल्कि नीलामी बन चुकी है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2014 के बाद से लगातार पेपर लीक के मामले सामने आए, लेकिन सरकार ने कभी गंभीर कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि एनटीए सरकारी एजेंसी नहीं, बल्कि एक एनजीओ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि एनटीए में ‘चहेते अधिकारियों’ को बैठाकर पूरे सिस्टम को कमजोर किया गया और यही वजह है कि बार-बार परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं। पेपर लीक को ‘व्यापम घोटाले पार्ट-2’ करार देते हुए कहा कि यह देश के शिक्षा तंत्र का सबसे बड़ा घोटाला बनता जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2024 में भी नीट पेपर लीक का मामला सामने आया था और जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए थे। इसके बावजूद सरकार ने मामले को दबाने की कोशिश की।

उन्होंने कहा कि एनटीए को तत्काल भंग किया जाए और उसके अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो। साथ ही एजेंसी के आय-व्यय का ऑडिट कराया जाए और पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराई जाए। पेपर लीक मामले को लेकर संयुक्त संसदीय समिति गठित करने और 2024 के मामलों को भी जांच के दायरे में लाने की मांग उठाई।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button