Gorakhpur

ICU बना विवाह का साक्षी…हादसे में बेहोश दुल्हन की मांग में दूल्हे ने भरा सिंदूर

एलएलबी की परीक्षा देकर लौट रही युवती सड़क हादसे में गंभीर रूप से हुई थी घायल, शादी टालने के बजाय दोनों परिवारों ने भरोसा कायम रखा और तय मुहूर्त पर आईसीयू में सिंदूरदान की रस्म पूरी कराई

हरेंद्र धर दुबे

गोरखपुर, 14 मई 2026:

गोरखपुर में एक अनोखी शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई। शादी के दिन सड़क हादसे में घायल हुई दुल्हन अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थी, लेकिन दूल्हे ने तय मुहूर्त पर अस्पताल पहुंचकर उसकी मांग में सिंदूर भर दिया।

बांसगांव क्षेत्र के हटवार गांव निवासी पूजा यादव की शादी महादेवा बाजार के महुआ निवासी सन्नी यादव से तय हुई थी। दोनों परिवारों ने नवंबर 2025 में रिश्ता पक्का किया था। बुधवार को विवाह समारोह होना था। शादी के दिन भी पूजा खलीलाबाद स्थित कॉलेज में एलएलबी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा देने अपने भाई के साथ गई थी।

ये भी पढ़ें:

परीक्षा खत्म होने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक पूजा को चक्कर आ गया और वह बाइक से नीचे गिर पड़ीं। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी और काफी खून बह गया। सूचना मिलते ही परिजन उन्हें दाउदपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए आईसीयू में भर्ती कर लिया।

सुबह तक जिस घर में शादी की तैयारियां और खुशियों का माहौल था, वहां कुछ ही घंटों में चिंता छा गई। रिश्तेदार और परिजन अस्पताल पहुंच गए। सूचना मिलने पर दूल्हे पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंचे और पूजा का हाल जाना।

शाम को डॉक्टरों ने बताया कि पूजा खतरे से बाहर हैं, लेकिन उन्हें कुछ समय तक अस्पताल में ही निगरानी में रखना होगा। इसके बाद दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से तय किया कि शादी अपने निर्धारित मुहूर्त पर ही संपन्न कराई जाएगी। सन्नी यादव बरात लेकर हटवार गांव पहुंचे। वहां द्वारपूजा समेत शुरुआती रस्में पूरी की गईं। बाद में फैसला हुआ कि दूल्हा अस्पताल जाकर सिंदूरदान करेगा।

रात करीब एक बजे सन्नी अपने करीबी रिश्तेदारों के साथ अस्पताल पहुंचे। आईसीयू में भर्ती पूजा के पास जाकर उन्होंने उनकी मांग में सिंदूर भरा और जीवनभर साथ निभाने का वचन दिया। इस दौरान मौजूद परिजन और अस्पताल कर्मी भावुक हो उठे। सिंदूरदान के बाद दूल्हा वापस गांव लौटा, जहां विवाह की बाकी रस्में पूरी की गईं।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  नई पैसेंजर ट्रेन से तराई-पूर्वांचल को राहत... नकहा जंगल से डालीगंज तक आसान हुआ सफर

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link