राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 15 मई 2026:
बढ़ती महंगाई के खिलाफ उत्तराखंड युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को देहरादून में प्रदर्शन किया। कांग्रेस भवन से निकले कार्यकर्ता एस्लेहॉल चौक पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र सरकार का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया।
जिलाध्यक्ष तेजस्वी राणा की अगुवाई में हुए प्रदर्शन में पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और जरूरी सामानों की लगातार बढ़ती कीमतों को मुद्दा बनाया गया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि महंगाई ने आम आदमी का घर का बजट बिगाड़ दिया है।
तेजस्वी राणा ने कहा कि ईंधन और एलपीजी के दाम बढ़ने से हर तबका प्रभावित है। गरीब और मध्यम वर्ग पर सबसे ज्यादा दबाव पड़ा है, लेकिन सरकार लोगों की परेशानियों पर ध्यान नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि अगर जल्द महंगाई पर काबू नहीं पाया गया तो युवा कांग्रेस आंदोलन को और व्यापक करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के चलते आम परिवारों का खर्च लगातार बढ़ रहा है और लोगों के लिए रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल होता जा रहा है।
प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक, प्रदेश सह-प्रभारी परमजीत पम्मी, हरनीत कौर, प्रदेश महासचिव अर्पित राठी, जिला महासचिव विदित डोभाल, जिला उपाध्यक्ष प्रियांशु गौड़, विधानसभा अध्यक्ष अतुल सक्सेना, अभिषेक पासी, सुहैल चौहान और कार्तिक बिरला मौजूद रहे।






