Uttarakhand

चारधाम यात्रा पर एफएसडीए अलर्ट…बोलेरो में भरी मिलीं खराब मिठाइयां नष्ट कराईं, सैम्पल लिए

टीम ने सिडकुल जा रही लड्डू, रसगुल्ले व मिल्क केक की खेप रोकी, टेम्परेचर मेंटेन रखने की व्यवस्था नहीं मिली, दुकानदारों को दी सख्त चेतावनी

योगेंद्र मलिक

हरिद्वार, 18 अप्रैल 2026:

चारधाम यात्रा को देखते हुए हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में सिडकुल क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में खराब मिठाई पकड़ी। सैम्पल लेकर 50 किलो से अधिक मिठाई को नष्ट करता दिया गया।

शनिवार को थाना सिडकुल से मिली सूचना के बाद वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन की अगुवाई में टीम ने मिठाई की सप्लाई लेकर जा रहे एक बोलेरो वाहन को रोका। वाहन में रखे कार्टन, बक्सों, टीन की बारीकी से जांच की गई। करीब तीन घंटे चली कार्रवाई में 35 किलो बूंदी लड्डू, 5 किलो मिल्क केक, 16 किलो सफेद रसगुल्ला खराब हालत में मिले।

ये भी पढ़ें:

टीम ने मौके पर ही इन मिठाइयों के सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेजे। बाकी करीब 50 किलो खराब मिठाई को वहीं गड्ढा खोदकर नष्ट कराया गया। यह सप्लाई सिडकुल के रावली महदूद इलाके में की जानी थी। खाद्य सुरक्षा टीम ने विक्रेता को साफ निर्देश दिए कि मिठाई की ढुलाई तापमान नियंत्रित वाहन में की जाए, स्टोरेज भी साफ-सुथरे टीन में हो। साथ ही उसे नोटिस जारी कर दी गई है। मामले में खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आगे की कार्रवाई की तैयारी है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पहले ही होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, दुकानों पर लगातार चेकिंग के निर्देश दिए हैं। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने कहा कि यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं, ऐसे में खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता पर खास नजर रखी जा रही है। किसी भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना हेल्पलाइन 1967 पर दे सकते हैं।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  104 Health Helpline: लोगों के लिए बनी वरदान, ऐसे काम करता है पूरा सिस्टम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button