राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 18 अप्रैल 2026:
शहर में बढ़ते कचरा संकट को लेकर देहरादून सिटीज़न्स फोरम ने एक नई पहल शुरू की है। फोरम ने ‘सफाई मित्र’ नाम से वेब एप लॉन्च किया, जिसके जरिए लोग कचरे से जुड़ी शिकायत सीधे दर्ज कर सकेंगे।
शनिवार को प्रेस क्लब में फोरम के सदस्यों ने एप की पूरी कार्यप्रणाली साझा की। फोरम के संस्थापक अनूप नौटियाल ने बताया कि कोई भी नागरिक कचरा जमा होने, समय पर न उठने या खुले में जलाने जैसी दिक्कतों की शिकायत इस प्लेटफॉर्म पर कर सकता है। जैसे ही कोई व्यक्ति कचरे की फोटो अपलोड करेगा, शिकायत अपने आप नगर निगम के संबंधित विभाग तक पहुंच जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस सिस्टम से जिम्मेदारी तय करने में आसानी होगी, काम में तेजी आएगी। पिछले एक साल में कई बार बैठकों के बाद भी कचरा उठान में अनियमितता बनी हुई है। कई जगहों पर बिना योजना के डंपिंग हो रही है, खुले में कचरा जलाने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
फोरम का कहना है कि नगर निगम के दावे जमीन पर पूरी तरह नहीं दिख रहे। ऐसे में यह एप लोगों को अपनी बात सीधे रखने का जरिया देगा। इस एप को तैयार करने में मेजर रितेश उनियाल की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम में जगमोहन मेंदीरत्ता, रेतु चटर्जी, रामना कुमार, नितिन शाह भी मौजूद रहे।





