क्राउड कंट्रोल में चूक : कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़, 19 की मौत, 7 अरेस्ट, घायलों से मिले अमित शाह
लाउडस्पीकर से घोषणा के बाद बढ़ी भीड़, निजी सुरक्षाकर्मियों की सीटी बजने से भी अफरा-तफरी फैलने का दावा, गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार के सभी निर्धारित कार्यक्रम किए स्थगित

न्यूज डेस्क, 18 अक्टूबर 2026:
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शनिवार शाम चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के दौरान 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने पूजा समिति के पदाधिकारियों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। हादसे के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने रविवार के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के साथ अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
लाउडस्पीकर की घोषणा के बाद मची भगदड़
बता दें शनिवार की शाम कोलकाता के Chorbagan Sarbojanin Durga Puja Pandal में भारी संख्या में श्रद्धालु जमा थे।शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पंडाल में लाउडस्पीकर से की गई घोषणा के बाद अचानक भीड़ आगे बढ़ने लगी। इससे वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि, लाउडस्पीकर से क्या घोषणा की गई थी, इसका तत्काल पता नहीं चल सका। हादसे की वजह को लेकर दो मृतकों के परिजनों ने निजी सुरक्षाकर्मियों की सीटी बजने का भी दावा किया है। उनके मुताबिक, उस समय बड़ी संख्या में लोग पंडाल में प्रवेश के लिए इंतजार कर रहे थे। सीटी बजने के बाद भीड़ तेजी से आगे बढ़ी, जिससे भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई।
अमित शाह घायलों से मिलने पहुंचे हॉस्पिटल
इसी भगदड़ में 19 लोगों की जान चली गई। कई घायल हॉस्पिटल में भर्ती हैं। गृह मंत्री अमित शाह
और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना जताई। वहीं अपोलो हॉस्पिटल जाकर घायलों से मुलाकात कर जल्द स्वस्थ होने की कामना की। शाह ने कहा कि प्रशासन घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने में जुटा है।
बेलूर मठ से शोभाबाजार तक के कार्यक्रम टले
अमित शाह के तय कार्यक्रम के मुताबिक, उन्हें रविवार सुबह बेलूर मठ स्थित रामकृष्ण मिशन के मुख्यालय जाना था। इसके बाद हावड़ा व कोलकाता में आयोजित कई सामुदायिक दुर्गा पूजा कार्यक्रमों में शामिल होना था। उत्तरी कोलकाता के शोभाबाजार राजबाड़ी में होने वाले दुर्गा पूजा आयोजन में भी उनकी मौजूदगी प्रस्तावित थी। चोरबागान पंडाल में भगदड़ की घटना के बाद ये सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए।

आयोजकों समेत सात गिरफ्तार, गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज
भगदड़ के मामले में पुलिस ने आयोजन से जुड़े सात लोगों को हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार किया है। इनमें चोरबागान दुर्गा पूजा समिति के सचिव राज कुमार सेवड़ा, उपाध्यक्ष शांतनु दुबे शामिल हैं। बांस का ढांचा तैयार करने वाले बिप्लब मुखर्जी को भी गिरफ्तार किया गया है। भीड़ संभालने की जिम्मेदारी निभा रहे कौशिक साहा, पिंटू डे के साथ निजी सुरक्षा व्यवस्था के प्रभारी सुमन चक्रवर्ती, राजेश पाल को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पंडाल में भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था में कहां चूक हुई।






