Business

शेयर बाजार में हाहाकार… सेंसेक्स 900 अंक से ज्यादा टूटा, निफ्टी 23,350 के करीब फिसला

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतें दो हफ्ते के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचीं, ब्रेंट क्रूड 111 डॉलर प्रति बैरल के पार निकलने से निवेशकों की चिंता बढ़ी और धातु, ऊर्जा व ऑटो शेयरों में तेज बिकवाली देखने को मिली

बिजनेस डेस्क, 18 मई 2026:

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। कारोबार बढ़ने के साथ बिकवाली का दबाव और तेज हुआ, जिससे बीएसई सेंसेक्स 900 अंक से अधिक टूटकर 74,300 के आसपास पहुंच गया। वहीं एनएसई निफ्टी 298 अंक लुढ़ककर 23,345 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।

सुबह बाजार की शुरुआत ही कमजोर रही थी। सेंसेक्स 430 अंकों की गिरावट के साथ 74,807 पर खुला, जबकि निफ्टी 161 अंक टूटकर 23,482 पर पहुंच गया। इसके बाद वैश्विक संकेतों के दबाव में गिरावट और गहराती चली गई। BSE Sensex और Nifty 50 में इस गिरावट के दौरान Hindalco Industries, Tata Steel, Reliance Industries और Mahindra & Mahindra के शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव देखा गया।

बाजार पर सबसे बड़ा असर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का पड़ा। ब्रेंट क्रूड 111 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया, जबकि अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 107 डॉलर से ऊपर निकल गया। तेल महंगा होने से भारत के आयात बिल और महंगाई बढ़ने की आशंका ने निवेशकों को सतर्क कर दिया।

WhatsApp Image 2026-05-18 at 10.52.13 AM

रुपया भी दबाव में रहा और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.18 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच गया। कमजोर रुपये से विदेशी निवेशकों की चिंता और बढ़ी, जिसका असर बाजार की धारणा पर साफ दिखाई दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति की ईरान को दी गई नई चेतावनी ने वैश्विक बाजारों में बेचैनी बढ़ा दी है। ईरान की ओर से कड़ा जवाब आने के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और गहराने की आशंका जताई जा रही है। निवेशकों को डर है कि हालात बिगड़ने पर तेल आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।

एशियाई बाजारों में भी कमजोरी रही। जापान का Nikkei 225 गिरावट के साथ कारोबार करता दिखा, जबकि दक्षिण कोरिया के KOSPI और कोस्डैक में 2 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 भी नीचे रहा। शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों में भी तेज गिरावट देखी गई थी। S&P 500 1.24 प्रतिशत, Nasdaq Composite 1.54 प्रतिशत और Dow Jones Industrial Average 1.07 प्रतिशत टूटकर बंद हुए थे। इसका असर सोमवार को भारतीय बाजार के शुरुआती कारोबार में साफ नजर आया।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button