Lucknow City

अपने फिस्स, बागी हिट! मनोज पांडेय को खाद्य विभाग मिलने अखिलेश का योगी सरकार पर तंज

कैबिनेट विस्तार के आठ दिन बाद हुआ विभागों का आवंटन, सपा के बागी को अहम विभाग मिलने पर सपा प्रमुख ने साधा निशाना

लखनऊ, 18 मई 2026:

यूपी में बहुप्रतीक्षित योगी कैबिनेट विस्तार के आठ दिन बाद आखिरकार नए मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया गया। विभागों के आवंटन के तुरंत बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। सपा मुखिया एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है।

अखिलेश यादव ने फेसबुक पर पोस्ट साझा करते हुए भाजपा के भीतर विभागीय संतुलन को लेकर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि अपने लोग फिस्स, आन गांव के सिद्ध। राजनीतिक गलियारों में इसे भाजपा के भीतर शक्ति संतुलन और नए मंत्रियों को दिए गए विभागों पर कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है।

सपा से भाजपा में आए बागी नेता मनोज पांडेय को खाद्य एवं रसद विभाग की जिम्मेदारी दिए जाने को लेकर भी अखिलेश ने अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा। खाद्य एवं रसद विभाग राज्य सरकार के प्रभावशाली विभागों में गिना जाता है, क्योंकि इसका सीधा संबंध सार्वजनिक वितरण प्रणाली और करोड़ों लोगों तक राशन पहुंचाने से है।

विभागों के बंटवारे में सरकार ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग सौंपा है। इसके अलावा हालिया मंत्रिमंडल विस्तार में शामिल कैबिनेट मंत्रियों और राज्य मंत्रियों को भी अलग-अलग विभाग आवंटित किए गए हैं।

करीब एक सप्ताह तक विभागों के बंटवारे में हुई देरी को लेकर राजनीतिक हलकों में लगातार चर्चाएं चल रही थीं। विपक्ष इस देरी को सरकार के भीतर खींचतान से जोड़कर देख रहा था जबकि भाजपा इसे सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया बता रही थी। अब विभाग आवंटित होने के बाद नए मंत्री जल्द ही अपने-अपने मंत्रालयों का कार्यभार संभालेंगे। अखिलेश यादव की इस टिप्पणी के बाद प्रदेश की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  लखनऊ उत्तर क्षेत्र को मिली सौगात... विधायक नीरज बोरा ने सौपीं दो करोड़ की परियोजनाएं

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button