Gorakhpur

योगी ने गोरखपुर में हेलीकॉप्टर से क्या देखा कि दौड़ पड़े अफसर…रातोंरात साफ हुआ इलाका

बरहुआ पावर हाउस के पास लंबे समय से मनमाने तरीके से से डाला जा रहा था शहर का कचरा मुख्यमंत्री की नजर पड़ते ही नगर निगम हरकत में आया और जेसीबी लगाकर हटाया गया कई ट्रॉली कूड़ा

लखनऊ/गोरखपुर, 18 मई 2026:

सहजनवा दौरे पर जाते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नजर हेलीकॉप्टर से बरहुआ पावर हाउस के पास लगे कूड़े के बड़े ढेर पर पड़ गई। आसमान से कचरे के अंबार को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। इसके बाद नगर निगम में हड़कंप मच गया और कुछ ही घंटों में सफाई अभियान शुरू कर दिया गया।

मुख्यमंत्री की आपत्ति के बाद नगर निगम की टीम जेसीबी और भारी वाहनों के साथ मौके पर पहुंची। पूरे इलाके से कई ट्रॉली कूड़ा हटाकर निर्धारित डंपिंग स्थल तक पहुंचाया गया। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि भविष्य में इस स्थान पर दोबारा कचरा न डाला जाए।

WhatsApp Image 2026-05-18 at 12.00.11 PM

बताया गया कि नगर निगम की कुछ कूड़ा गाड़ियां शहर से कचरा लेकर सहजनवा स्थित जीरो प्वाइंटर तक जाने के बजाय बीच रास्ते में ही कूड़ा गिरा देती थीं। बरहुआ पावर हाउस के पास का इलाका धीरे-धीरे अनधिकृत डंपिंग प्वाइंट बन गया था। कुछ चालक वक्त बचाने के लिए यहां कचरा डालकर लौट जाते थे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से वहां कूड़े का ढेर बढ़ता जा रहा था। गर्मी और बारिश के चलते इलाके में बदबू फैलने लगी थी, जिससे आसपास के ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही थी। केवल नगर निगम की गाड़ियां ही नहीं, बल्कि आसपास के कुछ किसानों और ग्रामीणों की ओर से भी वहां घरेलू कचरा और अपशिष्ट डाला जा रहा था।

अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि बरहुआ पावर हाउस के पास जमा कूड़े को पूरी तरह हटवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में दोबारा कचरा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संबंधित कर्मचारियों और वाहन चालकों की निगरानी बढ़ाई जा रही है, जबकि स्थानीय स्तर पर नजर रखने की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान को भी सौंपी गई है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button