Lucknow City

UPPSC : योगी ने 932 चयनित युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, कहा…जो देश में नहीं हुआ वो यूपी में हुआ

लोकभवन सभागार में आयोजित हुआ समारोह, 21 विभागों में मिलेगी तैनाती, मुख्यमंत्री ने कहा कि सिफारिश और रिश्वत से हुई भर्ती व्यवस्था को आगे नहीं बढ़ाती, बल्कि उसे नुकसान पहुंचाती है, पारदर्शी चयन से ही सिस्टम होता है मजबूत

लखनऊ, 18 मई 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी के लोक भवन सभागार में उत्तर प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन द्वारा चयनित 932 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इन अभ्यर्थियों का चयन 21 विभागों में विभिन्न पदों के लिए किया गया है। इस दौरान सीएम ने अभ्यर्थियों को बधाई दी। उन्हें जिम्मेदारी का एहसास कराया और बदलते यूपी की तस्वीर भी सामने रखी।

नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों की शानदार यात्रा के दौरान देश भर में जो नहीं हुआ वो उत्तर प्रदेश में हुआ। प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह बदलने का काम हुआ है। वर्ष 2017 से पहले सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार, सिफारिश और अनियमितताओं की शिकायतें आम थीं, लेकिन अब तकनीक और जवाबदेही के सहारे चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाया गया है।

WhatsApp Image 2026-05-18 at 6.45.24 PM

उन्होंने कहा कि अगर किसी योग्य अभ्यर्थी की जगह पैसे या पहुंच के दम पर कोई व्यक्ति व्यवस्था में आ जाता है, तो उसका असर लंबे समय तक पूरे सिस्टम पर पड़ता है। ऐसे लोग विकास की रफ्तार बढ़ाने के बजाय व्यवस्था को कमजोर करते हैं।

मुख्यमंत्री ने यूपीपीएससी की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि आयोग ने पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और साफ-सुथरे तरीके से पूरी की है। मेहनत और योग्यता के आधार पर चयनित युवाओं को अब अपनी जिम्मेदारियों को उसी ईमानदारी से निभाना होगा।

उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत इंसान को सफलता तक पहुंचाती है। जब मेहनत को निष्पक्ष व्यवस्था का साथ मिलता है, तो उसका नतीजा नियुक्ति पत्र के रूप में सामने आता है। यह उपलब्धि युवाओं के लिए आगे के जीवन में भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। बता दें ये नियुक्तियां उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य और प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2024 के जरिए हुई हैं। चयनित अभ्यर्थियों में डिप्टी कलेक्टर, पुलिस उपाधीक्षक, खंड विकास अधिकारी समेत कई अहम पदों के उम्मीदवार शामिल हैं। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक व अन्य मंत्री शामिल रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button