बिजनेस डेस्क, 19 मई 2026:
मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार ने मजबूत शुरुआत की। वैश्विक हालात में राहत के संकेत, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी के दम पर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 366.71 अंक चढ़कर 75,706.88 पर पहुंच गया। वहीं एनएसई निफ्टी 107.45 अंकों की तेजी के साथ 23,760 के स्तर पर कारोबार करता रहा। बाजार में यह उत्साह उस समय बढ़ा जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ प्रस्तावित सैन्य कार्रवाई रोकने और बातचीत के जरिए हल निकलने की उम्मीद जताई।
इस बयान के बाद दुनिया भर के बाजारों में राहत का माहौल बना और निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ।
सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनियों में अच्छी खरीदारी देखी गई। इंफोसिस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, ट्रेंट और इंटरग्लोब एविएशन के शेयर बढ़त में रहे। दूसरी ओर अल्ट्राटेक सीमेंट, कोटक महिंद्रा बैंक और टाइटन के शेयरों में हल्की गिरावट दर्ज की गई।
अदाणी समूह के शेयरों में जोरदार उछाल
गौतम अडानी और सागर अडानी से जुड़े अमेरिकी मामले में राहत की खबर के बाद अदाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में तेज खरीदारी हुई। इससे समूह के शेयरों ने बाजार की तेजी को और मजबूती दी।
ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत करीब दो फीसदी गिरकर 109.9 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। तेल की कीमतों में कमी को भारत जैसे आयातक देश के लिए राहत माना जाता है, क्योंकि इससे महंगाई और आयात लागत पर दबाव कम हो सकता है।
विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 2,813.69 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह रुझान जारी रहा तो बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र के बड़े शेयरों में आगे भी तेजी बनी रह सकती है। सोमवार को सेंसेक्स 77.05 अंक की बढ़त के साथ 75,315.04 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 6.45 अंक चढ़कर 23,649.95 पर बंद हुआ था।






