Sports

IPL 2026 : हारकर भी टॉप पर RCB…SRH की जीत बेकार, अब गुजरात से होगा क्वालिफायर-1

प्लेऑफ की तस्वीर लगभग साफ, 256 रन के बड़े लक्ष्य के बावजूद आरसीबी रनरेट के सहारे शीर्ष पर बनी रही, जबकि हैदराबाद जीत के बाद भी टॉप-2 में जगह नहीं बना सकी। ईशान किशन प्लेयर ऑफ द मैच बने, अभिषेक शर्मा और क्लासेन की तूफानी पारियों ने मुकाबले का रुख बदला

स्पोर्ट्स डेस्क, 23 मई 2026:

आईपीएल 2026 के अहम मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 55 रन से हरा दिया, लेकिन इस जीत के बावजूद टीम को बड़ा फायदा नहीं मिला। हैदराबाद अंक तालिका में तीसरे स्थान पर रही और अब एलिमिनेटर खेलेगी। वहीं आरसीबी हार के बाद भी बेहतर रनरेट के दम पर शीर्ष पर कायम रही। अब क्वालिफायर-1 में उसका मुकाबला गुजरात टाइटंस से होगा।

उप्पल स्टेडियम में खेले गए मैच में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में आरसीबी की टीम 20 ओवर में चार विकेट पर 200 रन ही बना सकी।

हैदराबाद के लिए ईशान किशन ने 46 गेंदों पर 79 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने आठ चौके और तीन छक्के लगाए। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 22 गेंदों पर 56 रन ठोक दिए, जिसमें पांच छक्के और चार चौके शामिल रहे। हेनरिक क्लासेन ने भी 24 गेंदों पर 51 रन बनाकर आरसीबी के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। आखिर में नीतीश रेड्डी ने 12 गेंदों पर नाबाद 29 रन जोड़कर स्कोर 250 के पार पहुंचाया। आरसीबी की तरफ से रसिख सलाम डार को दो विकेट मिले, जबकि क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा ने एक-एक सफलता हासिल की।

256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत तेज रही। वेंकटेश अय्यर ने 19 गेंदों पर 44 रन बनाकर टीम को आक्रामक शुरुआत दी। कप्तान रजत पाटीदार ने 39 गेंदों पर 56 रन की पारी खेली, जबकि क्रुणाल पांड्या ने 41 रन बनाए। हालांकि लगातार बढ़ते रनरेट के दबाव में टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई। विराट कोहली 15 रन ही बना सके।

हैदराबाद की गेंदबाजी में ईशान मलिंगा सबसे असरदार रहे। उन्होंने चार ओवर में 33 रन देकर दो विकेट झटके। साकिब हुसैन और ट्रेविस हेड को भी एक-एक विकेट मिला।

दोनों टीमों का यह आखिरी लीग मुकाबला था। आरसीबी, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद तीनों के 18-18 अंक रहे, लेकिन बेहतर रनरेट के चलते बेंगलुरु पहले, गुजरात दूसरे और हैदराबाद तीसरे स्थान पर रही।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button