National

White House : अंदर थे ट्रंप, बाहर सिक्योरिटी चेक प्वाइंट पर कई राउंड फायरिंग, हमलावर ढेर

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस के पास सुरक्षा जांच चौकी पर हुई गोलीबारी, सीक्रेट सर्विस की जवाबी कार्रवाई में 21 साल के संदिग्ध की मौत, हमलावर की पहचान भी सामने आई, घटना के वक्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में मौजूद थे, मगर सुरक्षित बताए गए हैं।

न्यूज डेस्क, 24 मई 2026:

अमेरिका के राष्ट्रपति आवास व्हाइट हाउस की सुरक्षा जांच चौकी के नजदीक पहुंचे एक युवक ने तैनात अधिकारियों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद सीक्रेट सर्विस ने जवाबी कार्रवाई की। गोली लगने से संदिग्ध गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास इलाके की चौकसी बढ़ा दी गई है।

हमलावर की पहचान 21 वर्षीय नसीरे बेस्ट के तौर पर हुई है, जो मैरिलैंड का रहने वाला था। शुरुआती जांच में सामने आया कि वह शाम करीब छह बजे जांच चौकी के पास पहुंचा और बैग से हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी गोलीबारी की।

WhatsApp Image 2026-05-24 at 10.59.48 AM

घटना में एक राहगीर को भी गोली लगी है। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो सका है कि वह संदिग्ध की गोली से घायल हुआ या जवाबी फायरिंग के दौरान उसे गोली लगी। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। सीक्रेट सर्विस ने बताया कि घटना में उसका कोई अधिकारी घायल नहीं हुआ। घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में मौजूद थे और पूरी तरह सुरक्षित हैं। गोलीबारी के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान चलाया।

व्हाइट हाउस में मौजूद पत्रकारों ने कई राउंड फायरिंग की आवाज सुनने की जानकारी दी। इसके बाद उन्हें तुरंत प्रेस ब्रीफिंग रूम के अंदर जाने के निर्देश दिए गए। सीक्रेट सर्विस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि 17वीं स्ट्रीट और पेंसिल्वेनिया एवेन्यू एनडब्ल्यू इलाके में गोली चलने की सूचना मिली थी। यह इलाका व्हाइट हाउस से करीब एक ब्लॉक दूर है।

WhatsApp Image 2026-05-24 at 10.59.48 AM (1)

मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग ने भी लोगों से इलाके से दूर रहने की अपील की। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमलावर का मकसद क्या था और उसने हमला अकेले किया या उसके पीछे किसी और का हाथ था।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button