Uttarakhand

उत्तराखंड : धामी का एक्शन प्लान… कब्जों से लेकर चारधाम यात्रा तक अफसरों को सख्त संदेश

सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज करने को कहा गया है। भू कानून के उल्लंघन, वक्फ संपत्तियों, शत्रु संपत्तियों और संदिग्ध गतिविधियों पर भी सभी डीएम को कड़ी निगरानी के निर्देश, मानसून तैयारी, बिजली कटौती, चारधाम यात्रा और किसानों से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 25 मई 2026:

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा स्थित निजी आवास से सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर कई अहम मुद्दों पर बात की। बैठक में सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने, भू कानून के उल्लंघन की जांच, चारधाम यात्रा व्यवस्था, मानसून तैयारी और किसानों तक योजनाओं का फायदा पहुंचाने जैसे मामलों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने अफसरों से कहा कि सरकारी भूमि पर कब्जों के खिलाफ चल रहे अभियान में तेजी लाई जाए। ग्राम सभाओं की जमीनों की भी जांच कराई जाए। जिन मामलों में भू कानून का उल्लंघन कर जमीन खरीदे जाने की शिकायतें हैं, उनकी सुनवाई कर कार्रवाई की जाए। ऐसे मामलों में जमीन राज्य सरकार में निहित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में शत्रु संपत्तियों पर अवैध कब्जों का मुद्दा भी उठा। ऐसे मामलों की नियमित निगरानी हो। वक्फ संपत्तियों का पूरा ब्योरा उम्मीद पोर्टल पर दर्ज कराने और उसकी जांच करते रहने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने दूसरे राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंस की जांच कराने, आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को चिन्हित करने और वेरिफिकेशन ड्राइव तेज करने को कहा। जनसेवा केंद्रों की जांच कर फर्जी तरीके से राशन कार्ड बनवाकर सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे अपात्र लोगों को चिन्हित करने के निर्देश भी दिए गए।

आगामी मानसून को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में पहले से तैयारी पूरी करने को कहा। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत समय पर पूरी करने और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जहां पानी की दिक्कत या तकनीकी खराबी हो, वहां तुरंत कार्रवाई की जाए।

ऊर्जा विभाग को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अनावश्यक बिजली कटौती किसी भी हालत में न हो। अगर किसी वजह से कटौती जरूरी हो तो उसकी जानकारी पहले से लोगों तक पहुंचाई जाए। चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं से लगातार फीडबैक लिया जाए और शिकायतों के आधार पर इंतजाम सुधारे जाएं। यात्रा रूट पर पीने के पानी और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर भी अफसरों को निर्देश दिए गए।

मानसखंड यात्रा के तहत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य अगले महीने तक पूरा करने को कहा गया। वहीं कृषि और उद्यान विभाग की योजनाओं जैसे पॉली हाउस, एप्पल मिशन और कीवी मिशन को सिर्फ कागजों तक सीमित न रखने की हिदायत दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं का सीधा फायदा किसानों तक पहुंचे, इसके लिए जमीन पर असर दिखना चाहिए।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button