राजकिशोर तिवारी
केदारनाथ, 21 अप्रैल 2026:
हिमालय की पवित्र वादियों में स्थित केदारनाथ धाम इस बार और भी भव्य, दिव्य और अलौकिक स्वरूप में श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार है। कपाट खुलने से पहले मंदिर परिसर को करीब 51 क्विंटल रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है। इससे केदारपुरी भक्तिमय आभा में सराबोर हो उठी है। देश-विदेश से मंगाए गए इन फूलों की सुगंध और सजावट श्रद्धालुओं को अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव देने के लिए तैयार है।
मंदिर समिति के सदस्य विनीत चन्द्र पोस्ती ने बताया कि इस वर्ष कपाट खुलने के अवसर पर विशेष तैयारियां की गई हैं। बाबा केदार की पंचमुखी डोली आज धाम पहुंच रही है। इसके साथ ही पूरे क्षेत्र में आस्था और उत्साह चरम पर है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार (22 अप्रैल) को सुबह 8 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
कपाट खुलने से पहले ही मंदिर को पूरी तरह सुसज्जित कर लिया गया है। यात्रा को लेकर व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं। इस बार अप्रैल में हुई ताजा बर्फबारी ने धाम की सुंदरता को कई गुना बढ़ा दिया है। बर्फ की सफेद चादर में लिपटा केदारनाथ क्षेत्र किसी स्वर्गिक दृश्य से कम नहीं लग रहा। हिमालय की गोद में बसे इस पवित्र धाम में इन दिनों आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
मंदिर समिति के अनुसार कपाट खुलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा, आवास, स्वास्थ्य और यात्रा सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। इससे हर श्रद्धालु को सहज, सुरक्षित और दिव्य दर्शन का अनुभव मिल सकेगा।






