राजकिशोर तिवारी
केदारनाथ, 8 मई 2026:
केदारनाथ धाम में शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) अस्पताल का लोकार्पण किया। धामी ने इसे उच्च हिमालयी क्षेत्र में शुरू इस स्वास्थ्य सुविधा को चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत बताया। अस्पताल का संचालन स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी के जिम्मे रहेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, आसान और बेहतर बनाने पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक हालात वाले इलाके में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस अस्पताल शुरू होना बड़ी जरूरत थी। इससे यात्रा के दौरान बीमार पड़ने वाले श्रद्धालुओं को तुरंत इलाज मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यात्रा मार्ग पर डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, हेल्थ जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सपोर्ट और इमरजेंसी मेडिकल सेवाओं की व्यवस्था पहले से ज्यादा मजबूत की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि श्रद्धालुओं को इलाज के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े।
धामी ने कहा कि प्रदेश में अब तक करीब 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इसके जरिए लाखों लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। सीएम ने बाबा केदार के दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली और लोगों के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम आस्था के साथ सेवा और मानवता का भी बड़ा केंद्र है।

कार्यक्रम में बीपीसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय खन्ना, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी, विश्व हिंदू परिषद के संरक्षक दिनेश चंद्र, विधायक आशा नौटियाल, बद्री केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष विजय कप्रवान, श्री केदार सभा के अध्यक्ष पं. राजकुमार तिवारी समेत कई लोग मौजूद रहे।






