बाराबंकी, 28 मई 2026:
कोठी कस्बे में विजिलेंस टीम ने हैदरगढ़ तहसील के लेखपाल अमित कुमार और उसके मुंशी विनय को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने दोनों के पास से छह हजार रुपये बरामद किए। कार्रवाई के बाद दोनों को कोठी थाने ले जाया गया, जहां भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
कोठी क्षेत्र के शिवाला का पुरवा निवासी सहजराम प्राथमिक विद्यालय सराय मोहद्दीनपुर में शिक्षक हैं। सहजराम के मुताबिक बसंतपुर गांव में उनकी जमीन है, जिसका अंश निर्धारण होना था। इस काम के लिए वह करीब दो साल से तहसील और राजस्व कर्मियों के चक्कर लगा रहे थे। परेशान होकर उन्होंने 16 मई को समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराई थी।

बताया गया कि बसंतपुर के लेखपाल अमित कुमार और मुंशी विनय ने कोठी कस्बे के पास एक चावल मिल के सामने निजी दफ्तर बना रखा था। यहीं पर दोनों ने काम कराने के एवज में 50 हजार रुपये मांगे। इसके बाद शिक्षक ने लखनऊ स्थित सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत कर दी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने पूरे मामले की जांच शुरू की।
बुधवार को जैसे ही शिक्षक ने निजी दफ्तर में लेखपाल अमित कुमार को छह हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने दोनों को पकड़ लिया। कार्रवाई इंस्पेक्टर विजय कुमार की अगुवाई में हुई। देर शाम तक पूछताछ और कानूनी कार्रवाई चलती रही।






