Sports

IPL 2026 : SRH का सूरज अस्त… राजस्थान के सितारे चमके, अब गुजरात से फाइनल की जंग

वैभव सूर्यवंशी ने 29 गेंदों में 97 रन ठोककर मैच का रुख पलट दिया, ध्रुव जुरेल की तेज अर्धशतकीय पारी ने राजस्थान को 243 रन तक पहुंचाया, जवाब में हैदराबाद की शुरुआत ही बिखर गई व दबाव से बाहर नहीं निकल सकी टीम

स्पोर्ट्स डेस्क, 28 मई 2026:

राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर क्वालिफायर-2 में जगह बना ली। अब राजस्थान का सामना 29 मई को गुजरात टाइटंस से होगा। इस मुकाबले की विजेता टीम 31 मई को अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ फाइनल खेलेगी।

मुल्लांपुर में बुधवार रात खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 243 रन बनाए। टीम की जीत के सबसे बड़े हीरो वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने पांच चौके और 12 छक्के लगाए। वैभव ने महज 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर हैदराबाद के गेंदबाजों पर शुरुआत से दबाव बना दिया।

यशस्वी जायसवाल ने 29 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 48 गेंदों में 125 रन जोड़कर राजस्थान को मजबूत शुरुआत दी। इसके बाद ध्रुव जुरेल ने 21 गेंदों में 50 रन ठोकते हुए रनगति को थमने नहीं दिया। रियान पराग के साथ उनकी 55 रन की साझेदारी ने हैदराबाद की वापसी की उम्मीद खत्म कर दी।

WhatsApp Image 2026-05-28 at 7.44.17 AM

हैदराबाद की तरफ से प्रफुल हिंगे ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। ईशान किशन, शिवांग कुमार और नीतीश रेड्डी को एक-एक सफलता मिली।

244 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने दूसरी ही गेंद पर अभिषेक शर्मा का विकेट गंवा दिया। इसके बाद ईशान किशन और ट्रेविस हेड ने तेजी से रन बटोरे और 15 गेंदों में 51 रन जोड़ दिए, लेकिन ईशान के आउट होते ही पूरी बल्लेबाजी लड़खड़ा गई।

हैदराबाद ने सिर्फ 81 रन तक पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद सलिल अरोड़ा और नीतीश रेड्डी ने पारी संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी हुई। नीतीश ने 38 रन बनाए, जबकि सलिल अरोड़ा ने 35 रन का योगदान दिया। शिवांग कुमार ने 27 रन जोड़े, लेकिन टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर सिमट गई।

राजस्थान की गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर सबसे असरदार रहे। उन्होंने तीन विकेट झटके। नांद्रे बर्गर, सुशांत मिश्रा और रवींद्र जडेजा को दो-दो विकेट मिले, जबकि यश राज ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button