Lucknow City

लखनऊ : कूड़े के ढेर खत्म करने की तैयारी… एके शर्मा ने सौंपा हाईटेक ट्रांसफर स्टेशन

मल्हौर वार्ड में 150 टन रोजाना कचरा संभालने की क्षमता वाले स्टेशन का उद्घाटन नगर विकास मंत्री ने किया। परिसर में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 150 चार्जिंग पॉइंट बनाए गए

लखनऊ, 28 मई 2026:

राजधानी में कचरा निस्तारण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में नगर निगम ने एक और बड़ा कदम बढ़ाया है। नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने गुरुवार को भरवारा मल्हौर वार्ड के भैसोरा इलाके में करीब नौ करोड़ रुपये की लागत से बने फिक्स्ड कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (FCTS) का उद्घाटन किया। यह स्टेशन रोजाना 150 टन कचरा संभालने की क्षमता रखता है।

करीब दो एकड़ में बने इस परिसर में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 150 चार्जिंग पॉइंट तैयार किए गए हैं। नगर निगम का कहना है कि इससे ई-वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा और कचरा उठान व्यवस्था पहले से ज्यादा तेज होगी।

मंत्री एके शर्मा ने कहा कि इस स्टेशन के शुरू होने से भरवारा, मल्हौर, खरगापुर, गोमती नगर विस्तार समेत आसपास के इलाकों से कचरा एकत्र करने में आसानी होगी। इससे उन जगहों को खत्म करने में मदद मिलेगी, जहां अक्सर कूड़ा जमा रहता था। उन्होंने कहा कि शहर को साफ और हरित बनाने के लिए नगर निगम लगातार काम कर रहा है।

Lucknow Waste Management AK Sharma's New Initiative (1)

परिसर को ग्रीन बेल्ट के तौर पर विकसित किया गया है। यहां अब तक चार हजार से ज्यादा पेड़ लगाए जा चुके हैं। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में कहीं भी कूड़े के ढेर नजर न आएं और रोजाना कचरे का समय से निस्तारण हो।

उन्होंने कहा कि जलभराव, नालियों की सफाई और पानी निकासी से जुड़ी दिक्कतों को दूर करने के लिए भी तेजी से काम चल रहा है। फैजुल्लागंज में लंबे समय से रुका नाला निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि किला मोहम्मदी नाले का काम जल्द शुरू कराया जाएगा।

महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि इस बार स्वच्छता रैंकिंग में लखनऊ को बेहतर स्थान दिलाने के लिए नगर निगम पूरी ताकत से जुटा है। उन्होंने कहा कि इसमें सफाई कर्मचारियों के साथ शहरवासियों की भी अहम भूमिका है। कार्यक्रम में नगर आयुक्त, पार्षद और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button