Uttarakhand

दहेज के लिए दबाव, विरोध पर तीन तलाक… देहरादून में महिला ने पति पर दर्ज कराया केस

निकाह के कुछ महीने बाद ही पति पर शराब पीकर मारपीट करने और मायके से पैसे मंगवाने का दबाव बनाने का आरोप लगा, पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर उसे तीन तलाक देकर घर से निकाला, पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक कानून के तहत केस दर्ज किया

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 29 मई 2026:

देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न व तीन तलाक का मामला सामने आया है। महिला ने अपने पति पर मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और मायके से पैसे लाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पति समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पटेलनगर क्षेत्र की पंजाबी कॉलोनी निवासी युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका निकाह पांच माह पूर्व 26 जनवरी को आसिफ नाम के युवक से मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। महिला का आरोप है कि शादी के शुरुआती दिनों के बाद ही पति का व्यवहार बदल गया था। वह शराब के नशे में आए दिन उसके साथ मारपीट करता था और मायके से पैसे लाने के लिए दबाव बनाता था।

ये भी पढ़ें:

पीड़िता के मुताबिक, जब उसने मायके से पैसे लाने में असमर्थता जताई तो पति उसे लगातार तीन तलाक देने की धमकी देने लगा। महिला ने आरोप लगाया कि उसने रिश्ते और सामाजिक सम्मान को बचाने के लिए लंबे समय तक सब कुछ सहा, लेकिन हालात लगातार बिगड़ते चले गए।

तहरीर में कहा गया है कि 18 मई को पति ने गुस्से में आकर उसे तीन तलाक दे दिया और घर से बाहर निकाल दिया। महिला ने यह भी कहा कि उसे पति और उसके साथियों से जानमाल का खतरा बना हुआ है। उसने पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है।

पटेलनगर पुलिस ने मामले में दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 और 4, मुस्लिम महिला विवाह अधिकार संरक्षण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

READ MORE

ये भी पढ़ें  उत्तराखंड: राष्ट्रीय खेलः स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करेंगी 141 टीमें

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button