मऊ, 29 मई 2026:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मऊ दौरे के दौरान एक ओर जहां माफिया और अराजक तत्वों पर कड़ा प्रहार किया, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य और शिक्षा के मॉडल को भी प्रदेश के सामने रखा। गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 392 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, जबकि ताजोपुर गांव में ग्रामीण सैनिक हॉस्पिटल का उद्घाटन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में किसी माफिया या गुंडे में इतना दुस्साहस नहीं बचा कि वह खुली जीप में पिस्टल लहराते हुए किसी हिंदू को धमका सके। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने रामलीला, रामनवमी, जन्माष्टमी, शिवरात्रि या अन्य धार्मिक आयोजनों में व्यवधान डालने की कोशिश की तो उसकी दुर्गति रावण और कंस जैसी होगी। उन्होंने कहा कि बेटी और व्यापारी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों का इंतजार अब यमराज करेंगे।

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अराजकता का माहौल था। मऊ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2005 में भरत मिलाप कार्यक्रम के दौरान दंगा कर शहर को जलाने की कोशिश हुई थी। उस समय माफिया के सामने सरकार नतमस्तक थी और धार्मिक आयोजनों में व्यवधान डाला जाता था। व्यापारी सूर्यास्त से पहले दुकानें बंद करने को मजबूर थे और बेटियों की सुरक्षा खतरे में रहती थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी सरकार बिना भेदभाव विकास करती है। सड़क, पुल, अस्पताल और बाढ़ सुरक्षा जाति देखकर काम नहीं करते। जब सही लोग चुने जाते हैं तो विकास होता है, जबकि गलत लोग सत्ता में आने पर सुरक्षा और विकास दोनों पर संकट खड़ा हो जाता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि गरीब, युवा, नारी और किसान के उत्थान से ही देश आगे बढ़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में 65 लाख गरीबों को आवास, पौने तीन करोड़ घरों में शौचालय और 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में विकास अभियान बिना रुके और बिना थके आगे बढ़ रहा है। सड़क, पुल, पेयजल, बिजली, पर्यटन, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि अब यूपी में कानून का राज है और कोई भी गरीब की जमीन पर कब्जा नहीं कर सकता, क्योंकि अवैध कब्जों पर बुलडोजर कार्रवाई तय है।
मुख्यमंत्री ने घोसी चीनी मिल के विस्तारीकरण के लिए प्रस्ताव मांगा और कहा कि प्रस्ताव मिलते ही सरकार धन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि मऊ में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज भी तैयार हो रहा है, जिसका जल्द उद्घाटन किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भीषण गर्मी, आंधी और आकाशीय बिजली से बचाव को लेकर भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि खुले मैदान और पेड़ों के नीचे जाने से बचें और अधिक से अधिक पानी पिएं।
मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं का विवरण देते हुए बताया कि लोकार्पित 38 परियोजनाओं में सड़क, पुल, ग्रामीण पेयजल, पुलिस अवस्थापना, राजकीय पॉलीटेक्निक, आईटीआई, स्वास्थ्य और पर्यटन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। वहीं 237 करोड़ रुपये की 76 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया।
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मऊ जिले के ताजोपुर गांव में ग्रामीण सैनिक हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जन्मभूमि के ऋण से मुक्त होना ही सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने कहा कि ब्रिगेडियर डॉ. पी.एन. सिंह ने सेना में 35 वर्षों तक सेवा देने के बाद अपनी जन्मभूमि लौटकर अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज, फार्मेसी कॉलेज, आईटीआई और सैनिक पब्लिक स्कूल जैसे संस्थानों की स्थापना कर राष्ट्र निर्माण का कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी’ भारतीय संस्कृति का मूल दर्शन है। चाहे व्यक्ति कितना भी बड़ा क्यों न बन जाए, उसकी जन्मभूमि और मातृभूमि से बड़ा कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि ताजोपुर में स्थापित ग्रामीण सैनिक हॉस्पिटल केवल अस्पताल नहीं बल्कि ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने वाला बड़ा केंद्र है। सैनिक नर्सिंग कॉलेज और फार्मेसी कॉलेज युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा दे रहे हैं, जबकि आईटीआई और सैनिक पब्लिक स्कूल ग्रामीण क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की नई मिसाल बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘पंच प्रण’ का उल्लेख करते हुए विरासत पर गर्व, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, एक भारत-श्रेष्ठ भारत, सैनिकों के सम्मान और नागरिक कर्तव्यों के पालन को विकसित भारत की आधारशिला बताया। सीएम योगी ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब गांव आत्मनिर्भर बनेंगे। उन्होंने ताजोपुर मॉडल को ग्रामीण स्वावलंबन और राष्ट्र निर्माण की जीवंत मिसाल बताया।
सीएम ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र एवं चेक का वितरण भी किया। कार्यक्रम में नगर विकास और ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा, दारा सिंह चौहान, ओमप्रकाश राजभर, दयाशंकर सिंह, गिरीश चंद्र यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।






