लखनऊ, 30 मई 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के निशातगंज में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय मासूम की जान चली गई। खेलते समय एक डे-केयर सेंटर परिसर का जर्जर लोहे का गेट अचानक बच्चे के ऊपर गिर पड़ा। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बहराइच जिले के बंजारी मोड़, धन्नीपुर निवासी विक्रम कश्यप का पुत्र शिवा (8) गर्मी की छुट्टियां में अपनी नानी मीना देवी के घर लखनऊ आया हुआ था। परिजनों के मुताबिक वह चार दिन पहले अपनी मां ललिता के साथ यहां पहुंचा था। शनिवार को शिवा अपने भाई-बहनों के साथ निशातगंज स्थित बचपन डे-केयर सेंटर भवन परिसर के सामने खेल रहा था।
इसी दौरान स्कूल का जर्जर और भारी लोहे का गेट अचानक भरभराकर उसके ऊपर गिर गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गेट का वजन काफी अधिक था। आसपास मौजूद कुछ लोगों ने बच्चे को बचाने की कोशिश की लेकिन भारी गेट होने के कारण उसे तुरंत हटाया नहीं जा सका। काफी देर तक गेट के नीचे दबे रहने से शिवा की मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उधर, मृतक के ननिहाल वालों ने बताया कि शिवा छुट्टियां बिताने के लिए बेहद उत्साहित था लेकिन एक पल में पूरा परिवार गहरे सदमे में डूब गया। शिवा के पिता विक्रम चेन्नई में निजी नौकरी करते हैं।






