National

गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड का आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर…बकरीद के दिन किया था मर्डर

गाजियाबाद में हत्या के बाद दो समुदायों के बीच गरमाया था माहौल, राजनीतिक गलियारों में भी गूंजा मामला, पुलिस ने घोषित किया था 50 हजार का इनाम

गाजियाबाद, 31 मई 2026

गाजियाबाद में बकरीद के दिन हुई 11वीं के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के मुख्य आरोपी असद को रविवार तड़के पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। आरोपी शहर छोड़कर भागने की फिराक में था। वसुंधरा इलाके में घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह मारा गया। पुलिस का एक सिपाही भी घायल हुआ है।

पुलिस ने शनिवार को ही असद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। हत्या के बाद से उसकी तलाश में कई टीमें लगाई गई थीं। रविवार सुबह करीब चार बजे पुलिस को उसकी मौजूदगी की सूचना मिली, जिसके बाद घेराबंदी की गई। पुलिस का कहना है कि आत्मसमर्पण करने के बजाय असद ने गोली चलाई, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।

बता दें कि खोड़ा क्षेत्र के नवनीत विहार में रहने वाले 11वीं के छात्र सूर्या चौहान की बकरीद के दिन हत्या कर दी गई थी। उसके पिता का पहले ही देहांत हो चुका है। बड़ा भाई यश चौहान डेयरी में काम करता है। घर में उसकी मां सरोज भी है। घटना के वक्त सूर्या के साथ रहे दोस्त ने बताया कि असद ने फोन करके गली नंबर दो में केले के गोदाम के पास बुलाया था। इसके बाद कहा कि कभी बकरा हलाल होते देखा है। सूर्या ने देखने से इंकार किया। इसी के बाद असद ने चाकू निकालकर वार करने शुरू कर दिए। सूर्या भागा तो दौड़ाकर भी कई वार किए। हमले में असद के अन्य दोस्त भी शामिल रहे। बुरी तरह घायल सूर्या ने दूसरे दिन नोएडा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

ये भी पढ़ें:

असद कभी सूर्या का करीबी दोस्त रहा था। कुछ माह पहले असद झगड़ा कर रहा था। इसी दौरान सूर्या ने बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया था। असद को यही बात बुरी लग गई थी। दोनों के रिश्तों में खटास आ गई थी। सूर्या घटना के दिन असद के इरादे भांप नहीं सका और मौके पर पहुंच गया।

हत्या के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया था। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश था और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन भी हुए। सूर्या के घर के बाहर मांस से भरी थैली मिलने के आरोपों ने माहौल को और संवेदनशील बना दिया था। पुलिस और प्रशासन को हालात संभालने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।

मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया था। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि हत्यारा कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। बसपा प्रमुख मायावती ने भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। वहीं प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की थी।

सूर्या की हत्या के बाद परिवार लगातार आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा था। अब मुख्य आरोपी असद के एनकाउंटर के बाद पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े बाकी पहलुओं की जांच जारी है और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

READ MORE

ये भी पढ़ें  स्मार्ट क्लास और सोलर प्लांट से लेकर मिनी स्टेडियम तक, यूपी की ये योजनाएं बदल रहीं विकास खंडों तस्वीर

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button