अनिल निषाद
अयोध्या, 31 मई 2026ः
यूपी के अयोध्या में नगर निगम ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 के तहत ‘गंदगी पर प्रहार’ अभियान की शुरुआत की। नगर निगम का टारगेट रामनगरी को स्वच्छता के क्षेत्र में देश के टॉप शहरों में शामिल करना है। अभियान की शुरुआत रविवार सुबह राम की पैड़ी और नया घाट से हुई।
सफाई अभियान के दौरान महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के लगभग 400 स्थानों पर एक साथ विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसे लगातार जारी रखा जाएगा। नगर निगम ने शहरवासियों से भी अपील की है कि वे स्वच्छता अभियान में सहभागी बनें और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करें।
अभियान के दौरान हजारों सफाई कर्मी मैदान में उतरे और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई की। सभी 60 वार्डों के पार्षद भी अपनी-अपनी टीमों के साथ सुबह सात बजे से ही सफाई अभियान में जुट गए। नगर निगम का मानना है कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही अयोध्या को स्वच्छता के 7क्षेत्र में टॉप रैंकिंग में लाया जा सकता है। अभियान में नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, अपर नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त और नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






