न्यूज डेस्क, 31 मई 2026:
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ताजा मेडिकल रिपोर्ट में उन्हें पूरी तरह स्वस्थ और अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए शारीरिक व मानसिक रूप से सक्षम बताया गया है। हालांकि डॉक्टरों ने बढ़ते वजन को देखते हुए उन्हें लाइफस्टाइल में बदलाव करने, बेहतर खानपान अपनाने और नियमित शारीरिक गतिविधि बढ़ाने की सलाह दी है।
व्हाइट हाउस के चिकित्सक डॉ. शॉन बारबाबेला की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप का हाल ही में वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया गया था। जांच के दौरान सीटी स्कैन, हृदय संबंधी परीक्षण, कैंसर स्क्रीनिंग समेत कई एहतियाती मेडिकल टेस्ट कराए गए।
रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप का हृदय, फेफड़े, तंत्रिका तंत्र और शरीर की अन्य प्रमुख प्रणालियां सामान्य रूप से काम कर रही हैं। डॉक्टरों ने उन्हें देश और सेना का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह फिट बताया है। डॉ. बारबाबेला के अनुसार, ट्रंप की जांच के लिए 22 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगाई गई थी। सभी परीक्षणों के नतीजों के आधार पर उनकी सेहत को बेहतरीन श्रेणी में रखा गया है।
रिपोर्ट में सामने आया कि ट्रंप का वजन फिलहाल करीब 108 किलोग्राम है। अप्रैल 2025 में हुए पिछले वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण के मुकाबले उनका वजन बढ़ा है। इसी वजह से डॉक्टरों ने उन्हें वजन कम करने, संतुलित आहार लेने और नियमित वॉक या व्यायाम करने की सलाह दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप इस समय तीन दवाएं ले रहे हैं। इनमें दो दवाएं कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित करने के लिए हैं, जबकि कम मात्रा में एस्पिरिन दिल की सुरक्षा के लिए दी जा रही है। पिछले कुछ महीनों से ट्रंप के हाथों पर दिखाई देने वाले नीले निशानों को लेकर भी चर्चा चल रही थी। मेडिकल रिपोर्ट में इसका कारण स्पष्ट किया गया है।
डॉक्टरों के अनुसार लगातार एस्पिरिन लेने से त्वचा अधिक संवेदनशील हो जाती है। बार-बार लोगों से हाथ मिलाने की वजह से हाथों के ऊपरी हिस्से के मुलायम ऊतकों पर हल्का दबाव पड़ता है, जिससे ऐसे निशान उभर सकते हैं। इसे किसी गंभीर बीमारी का संकेत नहीं माना गया है।
ट्रंप की उम्र और स्वास्थ्य को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार सवाल उठते रहे हैं। उनके हाथों के निशान, पैरों की सूजन और सार्वजनिक कार्यक्रमों में दिखाई देने वाली कुछ तस्वीरों को लेकर अटकलें लगाई जाती रही हैं। व्हाइट हाउस पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि उन्हें क्रॉनिक वेनस इनसफिशिएंसी की समस्या है, जो बढ़ती उम्र में आम मानी जाती है।
रिपोर्ट में कहा गया कि ट्रम्प का कॉग्निटिव (याद रखने और फैसले लेने की क्षमता) और फिजिकल परफॉर्मेंस एक्सीलेंट है। डॉक्टर ने लिखा कि ट्रम्प के व्यस्त शेड्यूल, लगातार मीटिंग्स, पब्लिक इवेंट्स और शारीरिक गतिविधियां उनकी ओवरऑल हेल्थ को सपोर्ट करती हैं।
मेडिकल रिपोर्ट जारी होने के बाद ट्रंप की टीम ने इसे उनकी सक्रिय कार्यक्षमता का प्रमाण बताया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि राष्ट्रपति का मानसिक और शारीरिक प्रदर्शन उनकी उम्र के हिसाब से बेहद मजबूत है।






