Entertainment

पर्दे पर दिखेगा काले हिरण के शिकार का सच! जानी बढ़ाएंगे भाईजान की परेशानी

फिल्म ‘काला हिरण’ का पोस्टर जारी, रिलीज होने से पहले ही सुर्खियों में आ गई फिल्म, 20 जून को आयेगा टीजर

एंटरटेनमेंट डेस्क, 31 मई, 2026

बॉलीवुड और अंडरवर्ल्ड का रिश्ता हमेशा से लोगों को हैरान करता आया है लेकिन अब एक ऐसी फिल्म आने जा रही है जो अपनी रिलीज से पहले ही सुर्खियों में आ गई है। एक तरफ बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान, दूसरी तरफ गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और काला हिरण के शिकार का मामला जिसने आज तक विवादों का पीछा नहीं छोड़ा है। अब इसी कहानी पर आधारित फिल्म ‘काला हिरण’ का पोस्टर जारी हो चुका है और सोशल मीडिया पर इसे लेकर जबरदस्त बहस छिड़ गई है।

उत्तर प्रदेश के कई शहरों में की गई शूटिंग

फिल्म के पोस्टर में एक रहस्यमयी चेहरा दिखाई दे रहा है लेकिन अभी तक यह साफ नहीं किया गया कि फिल्म में सलमान खान या लॉरेंस बिश्नोई का किरदार कौन निभा रहा है। हालांकि फिल्म के निर्माता अमित जानी ने साफ कर दिया है कि यह फिल्म 1998 के चर्चित काला हिरण के शिकार मामले, कोर्टरूम सीन्स, गैंगस्टर विवाद और सलमान खान-लॉरेंस बिश्नोई दुश्मनी को बड़े पर्दे पर दिखाएगी। फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के संभल, मुरादाबाद और कई शहरों में की गई है। काला हिरण शिकार मामले में बिश्नोई समुदाय की शिकायत पर सलमान के साथ सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया था। इस केस में आरोपी सलमान खान ही पाये गए जिसके चलते उनकी गिरफ्तारी हुई।

Blackbuck Poaching Case on Screen Film Details Revealed (1)

बिश्नोई समाज काला हिरण को मानता है बेहद पवित्र

दरअसल साल 1998 में सलमान खान राजस्थान के जोधपुर में फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग कर रहे थे। आरोप लगा कि उन्होंने कांकाणी गांव में काला हिरण का शिकार किया। बिश्नोई समाज काला हिरण को बेहद पवित्र मानता है और यही वजह थी कि यह मामला सिर्फ कानूनी नहीं रहा बल्कि भावनाओं और समाज से जुड़ गया। 2018 में सलमान खान को काला हिरण शिकार मामले में 5 साल की सजा सुनाई गई थी हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई। फिलहाल यह मामला राजस्थान हाई कोर्ट में लंबित है और अगली सुनवाई जुलाई 2026 में होनी है। लेकिन इसी बीच इस केस से जुड़ा लॉरेंस बिश्नोई का नाम लगातार सुर्खियों में रहा ।

मूवी में खुलेंगे कई राज

लॉरेंस बिश्नोई कई बार सार्वजनिक रूप से यह कह चुका है कि वह काला हिरण शिकार मामले को लेकर सलमान खान से नाराज है। 2023 में जेल से दिए एक इंटरव्यू में उसने यहां तक कह दिया था कि सलमान खान को मारना उसकी जिंदगी का मकसद है। इसके बाद 2024 में सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर हुई फायरिंग ने पूरे देश को चौंका दिया था। उस फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने ली थी। यही वजह है कि अब इस विवाद पर फिल्म बनना और भी ज्यादा संवेदनशील माना जा रहा है।

Blackbuck Poaching Case on Screen Film Details Revealed (2)

सोशल मीडिया पर शुरू हुई तीखी बहस

फिल्म ‘काला हिरण’ को लेकर सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट चुका है। कुछ लोग कह रहे हैं कि सच्ची घटनाओं पर फिल्म बनना जरूरी है ताकि लोग पूरी कहानी जान सकें। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि एक ऐसा मामला जो अभी भी कोर्ट में लंबित है उसे फिल्मी मसाला बनाना गलत हो सकता है। कुछ लोग इसे सलमान खान की छवि खराब करने की कोशिश बता रहे हैं तो कुछ इसे बॉलीवुड की सबसे विवादित फिल्मों में से एक मान रहे हैं। फिल्म का निर्देशन भरत एस श्रीनेत ने किया है

निर्माता अमित जानी का कहना है कि फिल्म का फर्स्ट लुक और टीजर 20 जून को जारी किया जाएगा लेकिन पोस्टर रिलीज होते ही जिस तरह की चर्चा शुरू हो चुकी है उससे साफ है कि यह फिल्म आने वाले दिनों में और बड़े विवाद का कारण बन सकती है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button