Lucknow City

नौ दिनों तक भक्ति में डूबेगा लखनऊ, जगद्गुरु रामभद्राचार्य आज से सुनाएंगे श्रीराम कथा

सीतापुर रोड स्थित बृज की रसोई परिसर में 9 जून तक आयोजन, मुख्यमंत्री समेत कई मंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद, योगी ने जारी किया था श्रीराम कथा के भव्य मंच का पोस्टर

लखनऊ, 1 जून 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ का सीतापुर रोड क्षेत्र आज से नौ दिनों तक भक्ति, अध्यात्म और सांस्कृतिक चेतना के रंग में रंगने जा रहा है। सीतापुर रोड स्थित बृज की रसोई परिसर में पद्म विभूषण जगद्गुरु रामभद्राचार्य की भव्य श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा। यह कथा 9 जून तक रोज शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित की जाएगी। कथा में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

देश के विख्यात संत और रामकथा मर्मज्ञ जगद्गुरु रामभद्राचार्य अपने ओजस्वी प्रवचनों के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों का संदेश देंगे। आयोजन समिति के अनुसार कथा धार्मिक आयोजन के साथ समाज में पारिवारिक संस्कार, सामाजिक समरसता, सेवा भावना और राष्ट्र चेतना को मजबूत करने का भी माध्यम बनेगी।

WhatsApp Image 2026-06-01 at 8.34.42 AM

इस आयोजन को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। आयोजकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कथा में शामिल होने की उम्मीद जताई है। साथ ही योगी सरकार के कई मंत्रियों के भी अलग-अलग तिथियों में कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए आयोजन स्थल पर विशेष तैयारियां की गई हैं।

गौरतलब है कि लखनऊ के विधायक डॉ. नीरज बोरा के नेतृत्व में आयोजन समिति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें कथा में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्रीराम मंदिर की अनुकृति पर आधारित कथा मंच के पोस्टर का विमोचन किया और आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी थीं।

WhatsApp Image 2026-06-01 at 8.34.41 AM (1)

रामकथा के दौरान श्रद्धालुओं को दिव्य वातावरण का अनुभव कराने के लिए कथा स्थल पर विशाल पंडाल तैयार किया गया है। पश्चिम बंगाल के कारीगरों द्वारा व्यासपीठ के पीछे अयोध्या के श्रीराम मंदिर की भव्य अनुकृति भी बनाई गई है। यह आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी। दृष्टिबाधित होने के बावजूद 250 से अधिक ग्रंथों की रचना करने वाले जगद्गुरु रामभद्राचार्य शिक्षा, साहित्य और अध्यात्म के क्षेत्र में अपने विशिष्ट योगदान के लिए देशभर में सम्मानित हैं।

WhatsApp Image 2026-06-01 at 8.34.41 AM

ऐसे में उनके श्रीमुख से रामकथा सुनने को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। क्षेत्र के अनेक लोगों ने कथा को लेकर खुशी जताई है। विधायक डॉ. नीरज बोरा ने शहर और आसपास के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा सुनने के लिए पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि आयोजन समिति श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह सजग है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button