National

बैंक से जुड़े जरूरी काम जल्द निपटा लें…जून में 11 दिन रहेंगी छुट्टियां, जानिए पूरी डिटेल

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने जारी की जून की बैंक हॉलिडे लिस्ट, एटीएम और ऑनलाइन सेवाओं का रहेगा सहारा

न्यूज डेस्क, 1 जून 2026:

जून के महीने में अगर आपका बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो पहले छुट्टियों की लिस्ट जरूर देख लीजिए। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से जारी बैंक हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक जून के महीने में देश के अलग-अलग राज्यों में कुल 11 दिन बैंक बंद रहेंगे। इनमें 4 रविवार, दूसरे और चौथे शनिवार की छुट्टियां शामिल हैं जबकि 5 दिन अलग-अलग राज्यों में त्योहारों और स्थानीय आयोजनों के चलते बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

जून की शुरुआत 7 जून रविवार की छुट्टी से होगी। इसके बाद 13 जून को दूसरा शनिवार और 14 जून को रविवार होने की वजह से पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे। 15 जून को यंग मिजो एसोसिएशन (वाईएमए) डे और राजा संक्रांति पर्व के कारण आइजोल और भुवनेश्वर में बैंकिंग सेवाएं बंद रहेंगी। वहीं 21 जून को रविवार के चलते एक बार फिर देशभर में बैंक बंद रहेंगे।

महीने के आखिरी सप्ताह में छुट्टियों की संख्या और बढ़ जाएगी। 25 जून को मुहर्रम के अवसर पर विजयवाड़ा में बैंक बंद रहेंगे जबकि 26 जून को मुहर्रम की छुट्टी के कारण देश के ज्यादातर हिस्सों में बैंकिंग कामकाज नहीं होगा। इसके अगले दिन 27 जून को चौथा शनिवार और 28 जून को रविवार पड़ रहा है जिससे लगातार दो दिन बैंक बंद रहेंगे। 29 जून को संत कबीर जयंती के कारण शिमला में बैंक नहीं खुलेंगे जबकि 30 जून को रेमना नि पर्व के चलते आइजोल में बैंकिंग सेवाएं बंद रहेंगी।

हालांकि बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को ज्यादा परेशानी नहीं होगी क्योंकि ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। लोग पैसे ट्रांसफर करने, बिल जमा करने, कैश निकालने और अन्य जरूरी काम डिजिटल माध्यम से आसानी से कर सकेंगे।

वहीं शेयर बाजार में भी जून के दौरान कुल 9 दिन कारोबार नहीं होगा। इनमें शनिवार और रविवार की साप्ताहिक छुट्टियों के अलावा 26 जून को मुहर्रम के मौके पर बाजार बंद रहेगा। ऐसे में निवेशकों और कारोबारियों को अपने जरूरी वित्तीय काम पहले से प्लान करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button