Unnao City

प्रेम प्रसंग में दो परिवारों के बीच खूनी संघर्ष… कुल्हाड़ी से हमला कर युवक के पिता की हत्या

युवक-युवती के साथ जाने की बात पर बढ़ा विवाद, रात में दोनों पक्ष आमने-सामने आए, हमले में तीन लोग घायल, गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात

प्रमोद पासी

उन्नाव, 5 अप्रैल 2026:

प्रेम प्रसंग को लेकर शुरू हुआ विवाद शनिवार रात खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान कुल्हाड़ी से किए गए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मामला थाना बिहार क्षेत्र का है। गांव की मालती का पवन से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था। रात करीब साढ़े आठ बजे मालती के परिजन पवन के घर पहुंच गए। यहां कहासुनी शुरू हुई जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। इसी दौरान आरोप है कि मालती के परिवार के सदस्य दीपक ने कुल्हाड़ी से पवन के पिता पुत्तीलाल (50) के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।

WhatsApp Image 2026-04-05 at 3.36.20 PM

इस हमले में पुत्तीलाल के परिवार की सुनीता, अमन और राजेश्वरी भी घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीघापुर भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्ष एक ही लोध समुदाय से हैं और प्रेम प्रसंग को लेकर ही विवाद बढ़ा। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में राजकुमार, फूलचंद और मीना को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

घटना के बाद गांव में तनाव बना हुआ है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मृतक के बेटे अमन का कहना है कि लड़की को सुबह उनके घर छोड़ दिया गया था। शाम को कई लोग शराब के नशे में आए और हमला कर दिया। कुल्हाड़ी से वार कर उसके पिता की हत्या कर दी गई।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button