अयोध्या, 3 अप्रैल 2026:
रुदौली कस्बे के पुराने बाजार में दिनदहाड़े ज्वैलरी की दुकान पर लूट की वारदात सामने आई है। अग्रवाल कॉम्प्लेक्स में स्थित महेश ज्वैलर्स पर एक नकाबपोश महिला ग्राहक बनकर पहुंची और मौका देखकर सोने का हार और चेन लेकर फरार हो गई। पुलिस ने फुटेज के सहारे बुर्का पहनकर आई युवती को उसके बॉयफ्रेंड के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसकी पिस्तौल भी नकली थी।
कस्बा रुदौली में महेश कुमार अपनी ज्वैलरी की दुकान पर बैठे थे। गुरुवार की दोपहर करीब 12:30 बजे महिला दुकान पर आई और ज्वैलरी देखने लगी। उसने कई सामान देखे, जिनमें से हार और चेन पसंद किए। दोनों आइटम काउंटर पर रखे थे, तभी दुकानदार बाकी सामान अलमारी में रखने लगा। इसी दौरान महिला ने करीब 26 ग्राम वजनी हार और चेन उठा लिए। महिला ने हाथ में असलहा दिखाकर धमकाया और तुरंत दुकान से बाहर निकल गई। दुकान पर मौजूद स्टाफ मनीराम ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया, लेकिन कुछ दूरी पर पहले से खड़ी मोटरसाइकिल पर बैठकर वह अपने साथी के साथ भाग निकली।

सूचना पाकर पुलिस ने मामले की जांच आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के सहारे शुरू की। पुलिस ने पहले बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर से एड्रेस निकालकर परान पुरवा गांव से राहुल को दबोचा। इसके बाद अहिबरन पुरवा से पायल नामक युवती को गिरफ्तार क़िया। दोनों इलाके से बाहर भागने की तैयारी में थे।
जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के लिए दोनों ने पहले से पूरी प्लानिंग की थी। पहचान छिपाने के लिए पायल ने बुर्का पहना, जबकि राहुल दुकान से कुछ दूरी पर बाइक लेकर खड़ा रहा। पायल ने दुकान के अंदर जाकर खिलौना पिस्टल का इस्तेमाल कर लूट को अंजाम दिया और बाहर निकलते ही राहुल के साथ बाइक से फरार हो गई। फिलहाल पुलिस ये पता करने में जुटी है कि दोनों ने इससे पहले ऐसी अन्य घटनाओं को अंजाम तो नहीं दिया है।






