प्रमोद कुमार
उन्नाव, 29 जनवरी 2026:
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने कथित मानसिक दबाव से परेशान होकर फांसी लगाकर जान दे दी। 23 वर्षीय मृतक ललित कश्यप कोतवाली सदर क्षेत्र के अकरमपुर गांव का निवासी है। परिवार ने युवती के पिता पर धमकी, उत्पीड़न और पैसों की मांग का आरोप लगाया है।
रिश्ते से नाराज पिता पर गंभीर आरोप
परिजनों का कहना है कि ललित का साल 2023 से मगरवारा निवासी एक युवती से प्रेम संबंध था। इसी बात से नाराज होकर युवती के पिता ने ललित को परेशान करना शुरू कर दिया। आरोप है कि अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर उन्होंने ललित को थाने में बंद करा दिया, जहां उसे मानसिक रूप से परेशान किया गया।

समझौता हुआ, लेकिन डर खत्म नहीं हुआ
जानकारी के मुताबिक थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया और इसके बाद ललित को छोड़ दिया गया। लेकिन परिवार का आरोप है कि इसके बाद भी युवक को धमकाया जाता रहा। युवती के पिता ने कथित तौर पर रास्ते में रोककर 12 लाख रुपये की मांग की और रकम न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी।
खामोशी में टूटता चला गया युवक
लगातार दबाव और डर के चलते ललित अंदर से पूरी तरह टूट चुका था। परिवार वालों ने बताया कि वह कई दिनों से चुप रहने लगा था, किसी से बात नहीं करता था और हमेशा तनाव में रहता था। आखिरकार मानसिक दबाव से परेशान होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार बेसहारा
ललित अपने माता पिता का इकलौता बेटा और दो बहनों का अकेला सहारा था। उसकी मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।






