
लखनऊ, 1 अक्टूबर 2026:
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में लोकतंत्र सेनानियों के साथ बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने जहां लोकतंत्र सेनानियों के लिए बड़ी घोषणा की, वहीं Gen-Z अंदाज में नया नारा देकर युवाओं को जोड़ने की कोशिश की। अखिलेश ने कहा- ‘एक कचौड़ी, दो समोसा… बीजेपी पर नहीं भरोसा।’ दिल्ली में हालिया महिला प्रदर्शन के दौरान चर्चित हुए नारे के अंदाज को राजनीतिक संदेश में बदलते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में Gen-Z और PDA मिलकर भाजपा को हराएंगे।
लोकतंत्र सेनानियों के लिए 51 हजार की घोषणा
लोकतंत्र सेनानियों के साथ बैठक में अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर उनकी सम्मान राशि बढ़ाकर 51 हजार रुपये प्रतिमाह की जाएगी। उन्होंने मुफ्त इलाज की सुविधा देने की भी बात कही। अखिलेश ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और लोकतंत्र सेनानियों को सम्मान दिया जाएगा। बैठक में सेनानियों ने अपने अनुभव साझा किए और सुझाव भी दिए।

‘जिस काल में PDA पर अत्याचार होगा, वह आपातकाल’
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जिस काल में PDA पर अत्याचार होगा, वह आपातकाल का दौर होगा। उन्होंने प्रदेश में ‘सोशल इमरजेंसी’ जैसे हालात होने का भी दावा किया और कहा कि भाजपा सरकार में सच्चे साधुओं का अपमान हो रहा है।
‘कई लोग वापस आना चाहते हैं’
सपा प्रमुख ने दावा किया कि सपा के टिकट पर जीतकर बाद में भाजपा में गए नेता अब वापस आना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में टिकट नहीं मिलने अथवा गठबंधन में कम सीट मिलने से कुछ लोग असंतुष्ट हैं। अखिलेश ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए जो भी सपा के साथ आना चाहता है, उसका स्वागत है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि किसी को ऐसा वादा नहीं करना चाहते, जिसे बाद में पूरा न कर पाएं।
तीसरे राज्यसभा उम्मीदवार पर सस्पेंस बरकरार
राज्यसभा चुनाव में सपा के तीसरे उम्मीदवार को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि पहले संख्या पूरी की जाएगी और उसके बाद उम्मीदवार उतारा जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि विधायकों से बातचीत और संख्या का गणित पूरा होने के बाद नाम सामने आएगा।
"एक कचौड़ी, दो समोसा, बीजेपी पर नहीं है भरोसा।"
• माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी pic.twitter.com/oGwhij2DTA
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) October 1, 2026
बिजली और एक्सप्रेसवे पर भी सरकार को घेरा
बिजली संकट पर अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में बिजली बन नहीं रही तो सरकार देगी कहां से। वहीं गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे को लेकर उन्होंने 74 गड्ढे होने का दावा किया। अखिलेश की प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक ओर 51 हजार रुपये की घोषणा और युवाओं को जोड़ने वाला Gen-Z नारा प्रमुख रहा तो दूसरी ओर भाजपा सरकार पर लोकतंत्र, बिजली, भ्रष्टाचार और विकास के मुद्दों को लेकर निशाना साधा गया।






