
लखनऊ, 22 अगस्त 2026:
यूपी की सियासत में ‘पीडीए’ और ‘पी’ को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। सीएम योगी आदित्यनाथ के पीडीए के ‘पी’ को पाकिस्तान से जोड़ने वाले बयान पर शनिवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बीजेपी पर जोरदार पलटवार किया। लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश ने कहा कि बीजेपी का मतलब है- ‘भाग जाओ पाकिस्तान।’
अखिलेश ने कहा कि पीडीए से भाजपा घबराई हुई है इसलिए उसकी परिभाषा बदलने में लगी है। उन्होंने कहा कि पीडीए का मतलब प्रेम, दया और अपनापन भी है। जितना लोगों को जोड़ा जाएगा, उतनी ही समाजवादी पार्टी मजबूत होगी और भविष्य में ऐतिहासिक सरकार बनेगी। तंज कसते हुए उन्होंने कहा, ‘एकरंगी क्या जानें पीडीए के बहुरंग।’ उन्होंने दावा किया कि भाजपा की ‘पी’ को लेकर बढ़ती पीड़ा के साथ पीडीए और मजबूत होगा।
‘पीडीए समाज कर रहा उत्पीड़न का सामना’
सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर सत्ता के दुरुपयोग, भ्रष्टाचार और सरकारी बजट की कथित लूट को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज उत्पीड़न का सामना कर रहा है और फर्जी एनकाउंटर हो रहे हैं। अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर के चढ़ावे की चोरी का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने मामले में शामिल बड़े लोगों को बचाने का काम किया।
आरोप- आज सच बोलना भी हो गया मुश्किल
बुलेट प्रूफ जैकेट मिलने के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि जब उन्हें मिलेगी तो वह मीडिया को दे देंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जरूरत नहीं है और जिन्हें ज्यादा जरूरत है, उनसे जाकर पूछा जाए। कानून-व्यवस्था पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आज सच बोलना भी मुश्किल हो गया है।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर किए बड़े दावे
अखिलेश ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़े दावे किए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और उसके सहयोगी दल 403 सीटों पर तैयारी कर रहे हैं और ‘डबल तैयारी’ चल रही है। सहयोगी दलों को सीट बंटवारे को लेकर उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि अगर सपा ने 30 सीटें दी हैं तो भाजपा को 120 सीटें देनी चाहिए, वरना यह सहयोगियों का अपमान है। उन्होंने अजीत सिंह और चौधरी चरण सिंह के अपमान का भी आरोप लगाया।
सपा प्रमुख ने सत्ता में लौटने पर प्राथमिक स्कूलों में सुधार और दिव्यांगों के लिए अलग घोषणापत्र लाने का ऐलान किया। उन्होंने दिव्यांग साथियों को इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर देने का वादा किया।
E20 पेट्रोल और चीनी की बढ़ती कीमतों पर सरकार को घेरा
महंगाई पर अखिलेश ने पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण और चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ने से त्योहारों में मिठाई भी महंगी होगी। साथ ही सरकार से सवाल किया कि आयुष्मान कार्ड वाले करीब 15 करोड़ गरीब लोगों की प्रति व्यक्ति आय आखिर कितनी है?
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को सपा पर निशाना साधते हुए कहा था कि सपा गिरगिट की तरह रंग बदलती है और पीडीए का ‘पी’ एक दिन पाकिस्तान कर देगी। उन्होंने सपा को गिद्ध बताते हुए उसके बयानों पर भरोसा न करने की बात कही थी। अब अखिलेश के पलटवार ने ‘पीडीए’ की सियासी लड़ाई को और धार दे दी है।






