राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 25 फरवरी 2026:
शिक्षा निदेशालय में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के साथ हुए मारपीट प्रकरण के बाद विवादों में घिरे विधायक उमेश शर्मा काऊ अब बैकफुट पर नजर आ रहे हैं। बुधवार को उन्होंने पूरे घटनाक्रम पर खेद जताते हुए संबंधित पक्षों से माफी मांग ली। वहीं इसके बाद शिक्षक व कर्मचारी आगे की रणनीति बनाने में जुटे हैं।
महानगर कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान विधायक ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि उनका किसी को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था। उन्होंने कहा कि वे लगातार अपने क्षेत्र में विकास कार्य कर रहे हैं और जनता ने उन्हें रिकॉर्ड मतों से जीत दिलाकर भरोसा जताया है। शिक्षकों और कर्मचारियों के हित में भी उन्होंने कई काम किए हैं।
विधायक के मुताबिक 21 फरवरी को वह एक विद्यालय के नामकरण के मुद्दे को लेकर शिक्षा निदेशालय पहुंचे थे। बातचीत के दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और विवाद की स्थिति बन गई। उन्होंने कहा कि शिक्षक और कर्मचारी उनके परिवार की तरह हैं और अब इस विवाद को खत्म होना चाहिए ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो और शैक्षणिक माहौल सामान्य बना रहे।
उमेश शर्मा काऊ ने यह भी कहा कि पार्टी इस मामले में जो भी फैसला करेगी, वह उन्हें मंजूर होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पक्ष आपसी बातचीत और समझदारी से समाधान निकालेंगे, जिससे शिक्षा व्यवस्था पर कोई नकारात्मक असर न पड़े। विधायक ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने इस मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की, लेकिन शिक्षकों और कर्मचारियों ने ऐसा होने नहीं दिया। इधर, विधायक की सार्वजनिक माफी के बाद शिक्षकों और कर्मचारियों की कोर कमेटी की बैठक शुरू हो गई है, जिसमें आगे की रणनीति पर विचार किया जा रहा है।






