Lucknow CityNationalUttar Pradesh

यूपी के इस शहर में बनेगा एडवांस डेटा सेंटर… दावोस में MoU पर हुए हस्ताक्षर, रोजगार और टेक्नोलॉजी को मिलेगी नई उड़ान

यूपी के ग्रेटर नोएडा में 1 गीगावाट क्षमता का एडवांस डेटा सेंटर बनेगा, जिसमें एएम ग्रीन ग्रुप 25 अरब डॉलर का निवेश करेगा। यह सेंटर 2030 तक पूरी क्षमता से हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग और एआई सेवाओं को सपोर्ट करेगा

लखनऊ, 20 जनवरी 2026:

उत्तर प्रदेश में निवेश को लेकर योगी सरकार को दावोस (स्विट्जरलैंड) में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम-2026 में बड़ी सफलता मिली है। एएम ग्रीन ग्रुप ने यूपी सरकार के साथ एक ऐतिहासिक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत ग्रेटर नोएडा में 1 गीगावाट क्षमता का अत्याधुनिक कंप्यूट डेटा सेंटर स्थापित किया जाएगा। यह सेंटर हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग (एचपीसी) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते वर्कलोड को पूरा करेगा।

25 अरब डॉलर का निवेश, चरणबद्ध विकास

इस महत्वाकांक्षी परियोजना में एएम ग्रीन ग्रुप 25 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश करेगा। पहला चरण 2028 तक पूरा होगा और 2030 तक सेंटर पूरी 1 गीगावाट क्षमता से काम करेगा। यह निवेश भारत सरकार के ‘विकसित भारत 2047’ विजन के अनुरूप एआई सेवाओं और डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

WhatsApp Image 2026-01-21 at 1.09.26 PM

5 लाख हाई-परफॉर्मेंस चिपसेट्स

डेटा सेंटर में 5 लाख अत्याधुनिक चिपसेट्स लगाए जाएंगे, जो एचपीसी और एआई आधारित सेवाओं को गति देंगे। यह वैश्विक हाइपरस्केलर्स, फ्रंटियर लैब्स, उद्यमों और भारत की एआई पहलों को सहयोग प्रदान करेगा। सेंटर कार्बन-फ्री ऊर्जा से संचालित होगा, जिससे भारतीय डेवलपर्स को तेजी से एआई समाधान विकसित करने में मदद मिलेगी।

योगी सरकार की नीति से यूपी बना डेटा सेंटर हब

उत्तर प्रदेश सरकार की डेटा सेंटर पॉलिसी, मजबूत औद्योगिक कॉरिडोर और निवेशक अनुकूल माहौल के चलते एएम ग्रीन ने यूपी को चुना। यह सेंटर 24×7 ग्रीन एनर्जी पर आधारित होगा, जिसमें सौर, पवन और पंप्ड स्टोरेज जैसी टिकाऊ ऊर्जा तकनीक का इस्तेमाल होगा। इससे योगी सरकार की हरित ऊर्जा और सतत विकास की पहल को भी मजबूती मिलेगी।

रोजगार और टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम को मिलेगा बढ़ावा

इस परियोजना से हजारों उच्च-कौशल रोजगार सृजित होंगे और क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) बढ़ेगा। हार्डवेयर मैन्युफैक्चरिंग, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और विशेष कूलिंग टेक्नोलॉजी से जुड़ा स्थानीय इकोसिस्टम विकसित होगा। एएम ग्रीन के चेयरमैन अनिल चलमलसेट्टी ने कहा कि एआई फुल-स्टैक इकोसिस्टम से विभिन्न उद्योगों के लिए एंड-टू-एंड समाधान उपलब्ध कराए जाएंगे।

वैश्विक एआई इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए टिकाऊ मॉडल

कंपनी के प्रेसिडेंट महेश कोल्ली ने बताया कि 1 गीगावाट कंप्यूट क्षमता को 24×7 ग्रीन पावर से जोड़कर केवल डेटा सेंटर नहीं, बल्कि वैश्विक एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए टिकाऊ मॉडल तैयार किया जाएगा। यह परियोजना यूपी को देश का प्रमुख डेटा सेंटर और एआई हब बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button