Uttarakhand

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का प्रदर्शन…पुलिस ने बैरिकेडिंग पर सीएम आवास कूच रोका

मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर परेड ग्राउंड से निकाली रैली, सड़क पर धरना देकर सरकार के खिलाफ जताया रोष

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 14 मार्च 2026:

मानदेय बढ़ाने और अन्य मांगों को लेकर प्रदेश भर से आई आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने शनिवार को सीएम आवास की ओर कूच किया। पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया, जिसके बाद कार्यकत्रियों ने वहीं धरना देकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदेश के अलग अलग जिलों से आई सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुबह परेड ग्राउंड में जुटीं। यहां से नारेबाजी करते हुए वे सीएम आवास की ओर बढ़ीं। पुलिस ने आगे बढ़ने से रोक दिया तो कार्यकर्ता सड़क पर ही बैठ गईं और सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।

संगठन की प्रदेश अध्यक्ष रेखा नेगी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाया जाना चाहिए। उनका कहना है कि राज्य सरकार की ओर से कम से कम 140 रुपये प्रतिदिन की बढ़ोतरी की जाए और केंद्र सरकार को भी 150 रुपये प्रतिदिन बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा जाए। उनका कहना है कि कुल मिलाकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कम से कम 18 हजार रुपये मासिक मानदेय मिलना चाहिए।

कार्यकत्रियों ने यह भी कहा कि सेवानिवृत्ति से जुड़े प्रावधानों को स्पष्ट किया जाए। उनका कहना है कि बिना पूरी अर्हता के सेवानिवृत्त होने की स्थिति में 10 लाख रुपये देने से संबंधित शासनादेश जारी होने के बाद ही 300 रुपये की कटौती लागू की जाए। जब तक इस संबंध में स्पष्ट आदेश न हो, तब तक खातों से कटौती न की जाए।

इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बायोमेट्रिक मशीन से जोड़ने का भी विरोध किया गया। प्रदर्शन के बाद संगठन की ओर से प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। इसमें तीन सूत्री मांगों पर जल्द कार्रवाई करने और समस्याओं का समाधान करने की मांग की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button