Uttarakhand

अंकिता भंडारी हत्याकांड : दुष्यंत गौतम की राज्यपाल पद पर नियुक्ति रद्द हो, संगठनों ने बीजेपी का फूंका पुतला

प्रदर्शनकारियों ने गांधी पार्क में धामी सरकार पर बोला तीखा हमला, की नारेबाजी, कहा- मामले से जुड़े कथित VIP की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए, उत्तराखंड की बेटी की हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 16 अक्टूबर 2026ः

दुष्यंत गौतम की सिक्किम के राज्यपाल के रूप में नियुक्ति होने के बाद उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड ने फिर तूल पकड़ लिया है। अंकिता के परिवार को न्याय दिलाने के लिए विपक्षी दल और कई संगठनों ने आवाज बुलंद करना शुरू कर दिया है। उत्तराखंड महिला मंच, CPI (ML), CITU, SFI सहित विभिन्न जनवादी संगठनों ने शुक्रवार को गांधी पार्क में एकत्रित होकर भाजपा व दुष्यंत गौतम का पुतला फूंककर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

गांधी पार्क के मुख्य गेट पर एकत्रित विभिन्न संगठनों ने जन गीतों के जरिए धामी सरकार पर तीखा हमला बोला। प्रदर्शनकारियों ने अंकिता भंडारी के माता-पिता को न्याय दिलाने, हत्याकांड से जुड़े कथित VIP की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने और दुष्यंत गौतम की सिक्किम के राज्यपाल पद पर नियुक्ति रद्द करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि अंकिता हत्याकांड से जुड़े अनुत्तरित सवालों का जवाब सामने आना चाहिए और मामले के सभी पहलुओं की पारदर्शी जांच की जानी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता की हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था।

ये भी पढ़ें:

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई केवल एक परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं की गरिमा, कानून के शासन और लोकतंत्र में जनता के विश्वास से जुड़ा सवाल है। अंकिता के माता-पिता लंबे समय से न्याय की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उसके परिवार को न्याय दिलाना समाज और शासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में धरने पर बैठे अंकिता के माता-पिता को पुलिस हिरासत में लिए जाने की घटना की भी निंदा की।

Advertisement

प्रदर्शन के बाद अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच ने डीएम कार्यालय के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने, मामले से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाने और अंकिता के माता-पिता की मांगों पर उचित कार्रवाई कर उन्हें न्याय दिलाने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि अंकिता को न्याय मिलने और हत्याकांड से जुड़े सवालों का निष्पक्ष समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं CPIM के जिला सचिव शिव प्रसाद देवली, CITU के जिला महामंत्री लेखराज, त्रिलोचन भट्ट, जिला सचिव हिमांशु चौहान, जिला उपाध्यक्ष बीएस पयाल, SFI के जिला सचिव अयाज खान, CPI के राज्य सचिव जगदीश कुलियाल समेत कई लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  गंगा तट पर शुरू हुआ अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव... सीएम धामी संग हजारों साधकों ने लिया हिस्सा

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link