Uttar Pradesh

अयोध्या : राम मंदिर परकोटे के गणेश मंदिर पर 11 अप्रैल को लहराएगा धर्म-ध्वज

ध्वजारोहण के लिए अतिथियों को भेजा गया आमंत्रण, परकोटे के अलग-अलग मंदिरों पर क्रम से हो रहा कार्यक्रम

अयोध्या, 4 अप्रैल 2026:

रामजन्मभूमि परिसर में बने परकोटे के दक्षिण-पूर्वी कोने में स्थित गणेश मंदिर पर 11 अप्रैल को धर्म ध्वज चढ़ाया जाएगा। यह कार्यक्रम परकोटे में बने अन्य मंदिरों पर चल रहे ध्वजारोहण क्रम का हिस्सा बनेगा। ट्रस्ट ने ध्वजारोहण के लिए अतिथियों को आमंत्रण भेज दिया है।

करीब आठ एकड़ क्षेत्र में बने 732 मीटर लंबे परकोटे के अलग-अलग कोनों पर शिव, गणेश, दुर्गा, अन्नपूर्णा, सूर्य और हनुमान के मंदिर बनाए गए हैं। इन सभी पूरक मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा पिछले साल 5 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों कराई गई थी। उसी दौरान राम मंदिर के प्रथम तल पर राम परिवार की स्थापना भी हुई थी।

अब इन मंदिरों के शिखरों पर कलश और ध्वजदंड लगाए जाने के बाद एक-एक कर ध्वजारोहण कराया जा रहा है। इसी कड़ी में गणेश मंदिर पर वैशाख कृष्ण नवमी के दिन ध्वज चढ़ाने की तारीख तय की गई है। बताया गया कि ट्रस्ट ने इस कार्यक्रम के लिए मंदिर निर्माण से जुड़ी एजेंसियों के प्रमुखों को आमंत्रित किया है। लार्सन एंड टुब्रो के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक एसएन सुब्रह्मणयन, साथ ही टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक अमित शर्मा ध्वजारोहण करेंगे।

हालांकि परकोटे के बाहर बने शेषावतार मंदिर और सप्तर्षि मंदिर में अभी दर्शन शुरू नहीं हो सके हैं। कई बार तारीख तय होने के बावजूद किसी न किसी वजह से इसे टालना पड़ा है। फिलहाल ट्रस्ट का ध्यान परकोटे के अंदर बने मंदिरों के शिखरों पर ध्वजारोहण पूरा कराने पर है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button