अयोध्या, 25 फरवरी 2026:
शहर के सिविल लाइंस इलाके में बने नए फूड कोर्ट का उद्घाटन महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने किया। इस फूड कोर्ट में 30 दुकानें तैयार की गई हैं, जहां फास्ट फूड, आइसक्रीम समेत अलग-अलग तरह के खान-पान का सामान मिलेगा। उद्घाटन के बाद कारोबारियों को प्रमाण-पत्र के साथ दुकानों की चाबियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम के दौरान महापौर ने पूरे परिसर का जायजा लिया और दुकानदारों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि फूड कोर्ट को एक व्यवस्थित और आकर्षक बाजार के रूप में विकसित किया जाए, ताकि लोगों को साफ-सुथरा और सुरक्षित स्ट्रीट फूड माहौल मिल सके।

यह फूड कोर्ट प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत तैयार किया गया है। योजना का मकसद रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को स्थायी जगह देकर उनके रोजगार को मजबूत करना है। नए स्ट्रीट फूड हब से न सिर्फ कारोबारियों की आमदनी बढ़ने की उम्मीद है, बल्कि शहर में स्ट्रीट फूड कल्चर को भी नया रूप मिलेगा।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार, अपर नगर आयुक्त नागेन्द्र नाथ और कई पार्षद मौजूद रहे। वहीं स्थानीय पार्षद ने कार्यक्रम की जानकारी पहले से न दिए जाने का आरोप लगाते हुए नाराजगी भी जताई।






