अयोध्या, 1 अप्रैल 2026:
कोतवाली नगर क्षेत्र के बल्लाहाता इलाके में एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला और उसके नवजात की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है और पुलिस में तहरीर दी है। पुलिस ने सीएमओ को भी एक रिपोर्ट भेजी है।
महताबबाग बेनीगंज निवासी सुरेश यादव के मुताबिक, उन्होंने अपनी पत्नी सोनी यादव को मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल में भर्ती कराया था। शुरुआती जांच में वहां मौजूद डॉक्टर ने हालत सामान्य बताई थी और जच्चा-बच्चा दोनों के सुरक्षित होने की बात कही थी।

परिजनों का कहना है कि रात करीब 12:10 बजे एक महिला स्टाफ सोनी को लेबर रूम में ले गई। कुछ देर बाद नवजात को परिजनों को सौंपते हुए बताया गया कि उसकी सांस नहीं चल रही है। बच्चे को जब दूसरे डॉक्टर के पास ले जाया गया तो उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद जब परिजन वापस अस्पताल पहुंचे तो बताया गया कि महिला की हालत बिगड़ गई है। आनन-फानन में उसे दूसरे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
सुरेश यादव का आरोप है कि डिलीवरी के समय कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था और पूरा प्रसव स्टाफ ने कराया। उनका कहना है कि इसी लापरवाही और इलाज में बरती गई अनदेखी की वजह से पत्नी और बच्चे की जान गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के लिए रिपोर्ट सीएमओ को भेजी जा रही है। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई जा रही है।






