Uttar Pradesh

आजमगढ़ में दुग्ध क्रांति का शंखनाद : CM योगी ने किया चिलिंग सेंटर का उद्घाटन, बोले- अब बदल चुकी पहचान

महिला सशक्तीकरण और डेयरी मॉडल की मुख्यमंत्री ने की सराहना, 1.70 लाख लीटर दूध संग्रह, 56 हजार महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर

लखनऊ/आजमगढ़, 7 अप्रैल 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ में श्री बाबा गोरखनाथ कृपा दुग्ध उत्पादक संस्था के नवनिर्मित दुग्ध चिलिंग केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश में हो रहे बदलावों को रेखांकित करते हुए कहा कि कभी आजमगढ़ की पहचान ऐसी थी कि लोगों को होटल या धर्मशाला में कमरा तक नहीं मिलता था। आज परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। अब यहां स्वागत का माहौल है।

मुख्यमंत्री ने इस दुग्ध उत्पादक मॉडल को महिला सशक्तीकरण का सशक्त उदाहरण बताते हुए कहा कि संस्था से जुड़ी 56 हजार से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार के साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में भी अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने संस्था की अध्यक्ष नीरज और सभी महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जब एक महिला आत्मनिर्भर बनती है तो पूरा परिवार मजबूत होता है। यही मजबूत कड़ियां विकसित भारत की नींव रखती हैं।

सीएम योगी ने बताया कि वर्तमान में इस मॉडल के तहत प्रतिदिन 1.70 लाख लीटर दूध का संग्रह हो रहा है। किसानों और गोपालकों को 55 रुपये प्रति लीटर का उचित मूल्य मिल रहा है। साथ ही गुणवत्ता की सख्त जांच और बिना मिलावट की गारंटी इस मॉडल को सफल बनाती है। उन्होंने लक्ष्य रखा कि भविष्य में इसे बढ़ाकर 2 लाख लीटर प्रतिदिन किया जाए।

WhatsApp Image 2026-04-07 at 8.23.52 AM

इस दौरान मुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास को सैफई तक सीमित रखने वाली सोच अब बदल चुकी है। उन्होंने सवाल किया कि आजमगढ़ से चुने गए जनप्रतिनिधियों ने पहले यहां के विकास के लिए क्या किया। डबल इंजन सरकार और पीएम मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में हुए बुनियादी बदलावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश विकास, आस्था और सम्मान का प्रतीक बन चुका है।

उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए बताया कि इससे आजमगढ़ से लखनऊ की दूरी घटकर करीब ढाई से पौने तीन घंटे रह गई है। पहले इसमें लगभग छह घंटे लगते थे। गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज से भी कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। साथ ही आजमगढ़ एयरपोर्ट, फोरलेन सड़कों और तमसा गार्डन एन्क्लेव जैसी आवासीय योजनाओं के जरिए क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने दुग्ध क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि बाबा गोरखनाथ मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी प्रदेश की पांचवीं ऐसी इकाई है जो महिला स्वावलंबन का उदाहरण बन रही है। इससे पहले झांसी, वाराणसी, आगरा और लखनऊ में भी ऐसी कंपनियां सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान ‘लखपति दीदी’ योजना और बायोगैस प्लांट से जुड़े लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। इनमें रंजू सिंह, कौशल्या देवी, राजकुमारी, रोशनी यादव, पूनम देवी और अनुष्का सिंह शामिल रहीं। इस मौके पर प्रभारी मंत्री अनिल राजभर, मंत्री दारा सिंह चौहान, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राम सूरत राजभर, विक्रांत सिंह, विधायक राम विलास चौहान, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और महिलाएं उपस्थित रहीं।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button