
बाराबंकी, 31 अगस्त 2026:
यूपी के बाराबंकी जिले में ससुराल से घर लौट रहे एक युवक ने पत्नी को फोन कर नहर में कूदने की बात कही। इसके कुछ देर बाद उसने शारदा सहायक नहर में छलांग लगा दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो वहां युवक का मोबाइल फोन व चप्पल मिली, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस की मौजूदगी में नहर में उसकी तलाश कराई जा रही है।
दोपहर में पत्नी को लेकर पहुंचा था ससुराल
मामला दरियाबाद नगर पंचायत के मोहल्ला मोहरियान का है। कस्बा इचौली निवासी रवि सिंह की ससुराल यहां है। बताया गया कि रवि संडे को दोपहर में अपनी पत्नी लक्ष्मी को लेकर ससुराल आया था। शाम को वह पत्नी को मायके में छोड़कर घर लौटने के लिए निकल गया।
मीननगर के पास पहुंचकर किया फोन
परिजनों के मुताबिक, रवि मीननगर के पास शारदा सहायक नहर पर पहुंचा। वहां से उसने पत्नी को फोन किया। फोन पर उसने बताया कि वह नहर में कूदने जा रहा है। यह सुनकर पत्नी के परिजन घबरा गए। परिवार के लोग तुरंत नहर की तरफ पहुंचे।

मौके पर सिर्फ मोबाइल व चप्पल मिली
परिजन जब नहर के पास पहुंचे तो रवि वहां नहीं था। मौके पर उसका मोबाइल फोन व चप्पल पड़ी मिली। आसपास तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर पीआरवी मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में नहर में युवक की तलाश शुरू कराई गई। परिजन भी मौके पर मौजूद रहे। देर तक तलाश के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका।
पुल पर बिलखती रही पत्नी व बेटी, पुलिस को नशे की हालत में घटना का शक
लक्ष्मी के भाई अर्जुन ने बताया कि रवि ने फोन कर नहर में कूदने की बात तो कही थी, लेकिन उसने ऐसा कदम उठाने की कोई वजह नहीं बताई। परिवार के लोग भी उसके इस फैसले का कारण नहीं समझ पा रहे हैं। रात भर परिजन पुल पर बैठे बिलखते रहे। दरियाबाद थाने के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि युवक के नशे की हालत में नहर में कूदने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक की तलाश के लिए जरूरी कार्रवाई की जा रही है।






