मनोरंजन डेस्क, 16 फरवरी 2026:
मुंबई के जुहू इलाके में मशहूर फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई सनसनीखेज गोलीबारी के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। इस केस में राजस्थान और हरियाणा से छह और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच के मुताबिक इन गिरफ्तारियों के साथ अब तक कुल 11 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। सभी आरोपियों को मुंबई लाया जा रहा है जहां उनसे गहन पूछताछ की जाएगी।
शहर पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने रविवार रात कथित शूटर दीपक शर्मा समेत छह लोगों को दबोचा। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने शूटर को वारदात के लिए स्कूटर, हथियार और जरूरी सामान मुहैया कराया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आदित्य गायकी, सिद्धार्थ येनपुरे, समर्थ पोमाजी, स्वप्निल सकत और आसाराम फासले शामिल हैं। यह सभी युवक हैं। पुलिस के अनुसार यह नेटवर्क संगठित तरीके से काम कर रहा था। वारदात को अंजाम देने से पहले कई स्तरों पर प्लानिंग की गई थी।

इस सनसनीखेज हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े वांछित आरोपी शुभम लोनकर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लेने का दावा किया है। शुभम लोनकर पहले भी कई हाई-प्रोफाइल मामलों में वांछित रहा है। उनमें एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या और बांद्रा में अभिनेता सलमान खान के आवास पर हुई फायरिंग की घटनाएं शामिल हैं।
पुलिस ने इस केस में मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) की कड़ी धाराएं लगाई हैं। गौरतलब है कि 31 जनवरी की रात करीब 12:45 बजे जुहू स्थित शेट्टी की नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर कम से कम पांच गोलियां चलाई गई थीं। एक गोली इमारत के अंदर बने जिम के शीशे को भी लगी थी। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में निगरानी और कड़ी कर दी है।






