Unnao City

डंपर-स्कॉर्पियो की भिड़ंत… भाजपा नेता की मौत,छह साथी घायल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत व अयोध्या दर्शन के लिए निकले थे घर से, कोविड काल में छोटे बेटे की मौत के बाद इस हादसे में बड़े बेटे के निधन से बिलख पड़े पिता

उन्नाव, 13 जनवरी 2026:

असोहा थाना क्षेत्र में भल्लाफार्म-कालूखेड़ा मार्ग पर लालाखेड़ा चौराहे के मोड़ पर तेज रफ्तार डंपर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान दही थाना क्षेत्र के मुर्तजा नगर गांव निवासी हैप्पी राजपूत के रूप में हुई है। वह गांव में मोबाइल की दुकान चलाते थे और भाजपा युवा मोर्चा बिछिया ब्लॉक के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष रह चुके थे। सोमवार सुबह हैप्पी अपने दोस्तों अनुराग, हरिओम, सत्येंद्र, अमन, शुभम और जितेंद्र के साथ स्कॉर्पियो से बाराबंकी जा रहे थे। वहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत कार्यक्रम में शामिल होना था। इसके बाद सभी की अयोध्या दर्शन जाने की योजना थी।

परिजनों के मुताबिक सुबह करीब साढ़े आठ बजे लालाखेड़ा चौराहे के पास मोड़ पर सामने से आ रहे डंपर ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। टक्कर से गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और अंदर बैठे सभी लोग बुरी तरह घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को पास के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से हैप्पी, हरिओम, अनुराग, सत्येंद्र और अमन को हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान हैप्पी ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद डंपर चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।

हैप्पी के पिता विजय राजपूत ने बताया कि साल 2021 में कोरोना से उनके छोटे बेटे लकी की मौत हो गई थी। अब इस हादसे में बड़े बेटे हैप्पी को भी खो दिया। हैप्पी ही परिवार का सहारा था और मोबाइल की दुकान चलाकर घर खर्च चला रहा था। उसकी मौत से मां शांति, दादी जनाका और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा वहीं हैप्पी की मौत की खबर गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button