हरेंद्र धर दुबे
गोरखपुर, 3 अप्रैल 2026:
खोराबार इलाके में राप्ती नदी में दो दिन पूर्व नहाने गए चार किशोरों की डूबने से मौत हो गई। हादसा मिर्जापुर घाट के पास हुआ, जहां पांच दोस्त साथ में नदी में उतरे थे। इनमें से एक किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, जबकि बाकी चार गहरे पानी में समा गए। आज शुक्रवार को सुबह बच्चों की लाशें एसडीआरएफ ने नदी से खोज निकालीं।
बताया गया कि बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सभी किशोर साइकिल से घाट पहुंचे थे। नहाते समय अचानक पैर फिसलने और गहराई का अंदाजा न होने से पांचों पानी में डूबने लगे। राजकरण नाम का एक किशोर किसी तरह बाहर निकल आया और शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक बाकी चारों लापता हो चुके थे।

मृतकों में रानीडीह शिव मंदिर टोला निवासी रामसमुझ का बेटा अमन उर्फ वीरू व घनश्याम का पुत्र अनिकेत, मालवीय नगर के सतीश का बेटा विवेक और जंगल सिकरी निवासी सत्यदेव का बेटा गगन शामिल हैं। सभी की उम्र करीब 15 साल बताई जा रही है।
शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घाट पर जमा हो गए। कुछ स्थानीय युवकों ने भी नदी में उतरकर तलाश की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।
एसडीआरएफ ने लगातार तीन दिन तक सर्च ऑपरेशन चलाया। गुरुवार तक भी कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह कड़ी मशक्कत के बाद चारों किशोरों के शव नदी से बरामद किए गए। घटना के बाद इलाके में सन्नाटा पसरा है। चारों परिवारों में मातम का माहौल है। घाट पर सुबह से ही लोगों की भीड़ लगी रही और जैसे ही शव बाहर निकाले गए, वहां मौजूद लोग भावुक हो उठे।






