Gorakhpur

चिंता मत करिए… सीएम योगी ने दिलाया भरोसा, गोरखपुर में जनता से सीधे संवाद

गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में सुनीं लोगों की समस्याएं, जमीन कब्जा और अपराध पर जीरो टॉलरेंस, इलाज के लिए आर्थिक मदद का भरोसा, बच्चों को चॉकलेट देकर जीता दिल

गोरखपुर, 26 मार्च 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल समाधान के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर एक-एक कर उनकी समस्याओं को विस्तार से समझा और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर बैठे लोगों के बीच स्वयं पहुंचकर मुख्यमंत्री ने उनकी फरियादें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि हर शिकायत को संवेदनशीलता के साथ लिया जाए और उसका समयबद्ध, निष्पक्ष तथा प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार उनकी हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

WhatsApp Image 2026-03-26 at 11.56.52 AM

अपराध और जमीन कब्जे से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि कोई दबंग किसी गरीब की जमीन पर अवैध कब्जा करता है तो उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गरीबों को उजाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उनकी संपत्ति पर उनका ही अधिकार सुनिश्चित कराया जाएगा।

जनता दर्शन में पारिवारिक विवाद के मामलों पर मुख्यमंत्री ने पहले संवाद के जरिए समाधान निकालने की बात कही। जरूरत पड़ने पर विधिक कार्रवाई के निर्देश भी दिए। इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंदों के इलाज का एस्टीमेट शीघ्र तैयार कर सरकार को उपलब्ध कराया जाए जिससे तत्काल आर्थिक सहायता दी जा सके।

WhatsApp Image 2026-03-26 at 11.59.52 AM

कार्यक्रम के दौरान कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ पहुंचीं जिनसे मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से मुलाकात की। बच्चों को चॉकलेट देकर उनका मन जीता और उन्हें आशीर्वाद भी दिया। गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री की दिनचर्या पारंपरिक रही। उन्होंने गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मंदिर की गोशाला में जाकर गोसेवा की जहां उन्होंने गोवंश को दुलारते हुए अपने हाथों से गुड़ खिलाया।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button