Gorakhpur

गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रों का प्रदर्शन, दी ये चेतावनी… इन मांगों को लेकर खोला मोर्चा

गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्रों की पेड़ों को काटने और भोजन में जिंदा कीड़े निकलने पर नाराजगी, मेस वार्डन और मेस संचालक को तत्काल निलंबित करने की मांग की

हरेंद्र धर दुबे

गोरखपुर, 13 मई 2026:

गोरखपुर में बुधवार को गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्रों ने मांगों को लेकर विश्वविद्यालय गेट पर प्रदर्शन किया। छात्रों ने कहा कि छात्रावास में मेस वार्डन व मेस संचालक को तत्काल निलंबित किया जाए। साथ ही इनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

छात्रों ने डीएसडब्ल्यू को भी निलंबित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर हमारी मांगें एक सप्ताह में पूरी नहीं की गई तो हम सभी छात्र फिर से विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मुख्य द्वार पर प्रदर्शन करेंगे।

डा. टीएन मिश्रा नियंत्रक गोरखपुर विश्वविद्यालय ने छात्रों का ज्ञापन लिया। उन्होंने बताया कि सोमवार को एक वीडियो वायरल हुआ था, उसी को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे थे। मंगलवार को कुलपति से मिलने का प्रयास किया था। मुलाकात न होने पर आज धरने पर बैठे हुए थे।

उन्होंने कहा कि गोरखपुर विश्वविद्यालय ने जांच के लिए एक टीम बनाई। टीम ने छात्रों से इसके बारे में जानकारी ली, लेकिन पूछने पर पता चला कि यह बात निराधार है और वीडियो भी फेक है। इसको विश्वविद्यालय के सोशल हैंडल एक्स पर भी पोस्ट किया गया है।

उन्होंने कहा कि विकास कार्य में जो पेड़ बाधक बन रहे थे और जो अपनी मियाद पूरी कर चुके थे, उन्हीं को हटाया गया है। छात्रों के मांग पत्र को ले लिया गया है, जो उनकी उचित मांगें होंगी, उसको पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

छात्र नेता सतीश प्रजापति ने बताया कि अलकनंदा छात्रावास में हमारी बहन-बेटियों के भोजन में जिंदा कीड़े पाए गए और विश्वविद्यालय में पेड़ काटे गए। इसी को लेकर आज हम लोग धरने पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि मंगलवार को कुलपति से मिलने का समय दिया गया था, लेकिन वह 13 सेकंड में वापस चली गईं। रातों-रात उनके द्वारा विश्वविद्यालय में पुलिस प्रशासन लगा दिया गया।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button